India News (इंडिया न्यूज), Eknath Shinde: महाराष्ट्र में गुरुवार (5 दिसंबर, 2024) को भव्य समारोह के बीच देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में नई महायुति सरकार का गठन हो गया। आखिरी समय में एकनाथ शिंदे ने डिप्टी सीएम का पद संभालने का फैसला किया। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के साथ पद और गोपनीयता की शपथ भी ली। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने एकनाथ शिंदे को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पिछली सरकार में एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री थे, लेकिन इस बार उन्हें उपमुख्यमंत्री के पद से संतोष करना पड़ा। बहुत मान मनोव्वल के बाद एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री का शपथ लेने को राजी हुए।
मुंबई के आजाद मैदान में हुआ ऐतिहासिक समारोह
मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कई केंद्रीय मंत्री, महायुति गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता और कई राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम भी शामिल हुए। नाराजगी की अटकलों के बीच शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने आखिरी वक्त में डिप्टी सीएम का पद स्वीकार कर लिया और शपथ ले ली।
Maharashtra Deputy CM: खत्म हुआ अजित पवार का सस्पेंस, शिंदे के बाद आकर किया बड़ा धमाका
महायुति गठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल से की मुलाकात
हम आपको जानकारी के लिए बता दें कि, बुधवार (4 दिसंबर, 2024) को देवेंद्र फडणवीस को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। इसके तुरंत बाद सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। इसमें देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार मौजूद रहे और उन्होंने गठबंधन का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा। विधान भवन में हुई विधायक दल की बैठक में गुजरात के पूर्व सीएम और भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय रूपाणी ने घोषणा की कि देवेंद्र फडणवीस को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है।
महायुति ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान हुआ था, जबकि चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए गए थे। महायुति गठबंधन ने राज्य की कुल 288 विधानसभा सीटों में से 230 पर शानदार जीत हासिल की। गठबंधन सहयोगी शिंदे गुट की शिवसेना ने 57 सीटें जीतीं, जबकि अजित पवार गुट की एनसीपी ने 41 सीटें जीतीं। वहीं विपक्षी एमवीए ने कुल 46 सीटें जीतीं।
Maharastra CM Devendra Fadnavis: तीसरी बार लौटा ‘महाराष्ट्र का समुंदर’, ताजपोशी पर गदगद हुए मोदी-शाह