India News (इंडिया न्यूज), Immigration Reform Bill : गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में इमिग्रेशन रिफॉर्म बिल पेश किया। इस बिल के बारे में जानकारी देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि इमिग्रेशन कोई अकेला मुद्दा नहीं है। देश के कई मुद्दे इससे जुड़े हुए हैं। हमारे देश की सीमा पर कौन आता है? कब आता है? कितने समय के लिए आता है? और किस उद्देश्य से आता है? यह जानने का अधिकार इस देश की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। अमित शाह ने आगे कहा कि भारत आने वाले सभी विदेशी नागरिकों का लेखा-जोखा रखा जाएगा। भारत आने वालों का एक डेटाबेस अपने आप तैयार हो जाएगा।

‘देश की शांति भंग हुई तो कार्रवाई होगी’

शाह ने आगे कहा कि जो लोग भारत की व्यवस्था में योगदान देने आते हैं, उनका स्वागत है। लेकिन चाहे रोहिंग्या हों या बांग्लादेशी, अगर वे भारत की शांति भंग करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेरा संदेश साफ और कड़ा है, अगर कोई हमारे देश की कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने की कोशिश करेगा, तो हम उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। चाहे रोहिंग्या हों या बांग्लादेशी। गृह मंत्री ने कहा कि यह विधेयक देश की सुरक्षा के प्रति लोगों को सचेत करने वाली एक सशक्त नीति है।

‘नई आव्रजन नीति नए भारत की नीति है’

गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में कहा, यह नई आव्रजन नीति नए भारत की नीति है। जिन तीन पुराने कानूनों को निष्प्रभावी बनाया जा रहा है, वे ब्रिटिश संसद में बने थे। पुराना कानून अंग्रेजों के हितों की रक्षा के लिए था जबकि नया कानून विकसित भारत को दर्शाता है। भारत में प्रवेश करने के बाद अगर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है तो संबंधित एजेंसियों को आरोपी को गिरफ्तार करने का अधिकार दिया गया है।

पारसी लोगों के बारे में क्या बोले गृह मंत्री?

पारसी लोगों पर बोलते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पारसी लोगों को आक्रमणकारियों ने फारस से खदेड़ दिया था। इसके बाद पारसी दुनिया में कहीं नहीं गए, वे भारत में आए और आज भी सुरक्षित हैं। दुनिया का सबसे छोटा अल्पसंख्यक अगर दुनिया में कहीं सम्मान से रहता है तो वह भारत में रहता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने पड़ोसी देशों से प्रताड़ित छह समुदायों के नागरिकों को सीएए के तहत शरण दी है। यह हमारी सोच है।

‘कैश कांड’ के बाद भी आजाद घूम रहे जस्टिस वर्मा, क्यों गिरफ्तार नहीं कर सकती पुलिस? जानिए क्या है नियम

‘ये सत्ता जिहाद है…’, सौगात-ए-मोदी पर को BJP पर बरसे उद्धव ठाकरे, कर दी आरोपों की बौछार