India News (इंडिया न्यूज़), Nuh Violence, चंडीगढ़: हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने नूंह हिंसा को लेकर इस बात का दावा किया है कि नूंह में भड़की सांप्रदायिक हिंसा के पीछे एक बड़ा ‘गेम प्लान’ है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के दौरान दो समूहों के बीच हुई हिंसा की गहन जांच के बिना हरियाणा सरकार किसी नतीजे पर नहीं पहुंचेगी। अनिल विज ने कहा कि हालात में सुधार आते ही इंटरनेट सेवाएं भी बहाल कर दी जाएंगी।
“लोगों ने पहाड़ियों पर जाकर की गोलीबारी”
मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा, “हिंसा करने वाले लोग मंदिरों के बगल की पहाड़ियों पर चढ़ गए। उनके हाथों में लाठियां थीं और वे अंदर जाने के रास्तों पर इकट्ठा हो गए। यह सब एक साजिश के तहत बनी योजना के बिना संभव नहीं है।” उन्होंने दावा करते हुए कहा, “मौके पर गोलियां चलाईं गईं थीं, किसी ने तो इनका इंतजाम किया होगा. गोलियां चल रही थीं। कहां से आए हथियार…? यह सब एक योजना का हिस्सा है। हमें जानकारी मिल रही है कि गोलीबारी की साजिश रची गई थी। छतों पर पत्थर जमा किए गए थे और लोगों ने पहाड़ियों पर जाकर गोलीबारी की। हम जानकारी जुटा रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।”
हिंसा के पीछे मास्टरमाइंड होने का नहीं मिला संकेत
नूंह के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह बिजारनिया ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान शुक्रवार को कहा कि हिंसा के पीछे कोई मास्टरमाइंड होने का अब तक कोई भी संकेत नहीं मिला है। उन्होंने बताया, अब तक हुई जांच में अलग-अलग तत्वों के शामिल होने का पता चला है। उन लोगों की पहचान कर उनको गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
200 से ज्यादा लोग हो चुके गिरफ्तार
गौरतलब है कि विश्व हिंदू परिषद की शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा में 6 लोगों की मौत हो गई है। जिसमें दो होम गार्ड और 4 आम नागरिक शामिल हैं। साथ ही दर्जनों लोग इस हिंसा की चपेट में आ चुके हैं। इस मामले में अब तक 102 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। साथ ही 200 से ज्यादा लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
जरूरत पड़ने पर हम बुलडोजर चलाएंगे- अनिल विज
अनिल विज ने कहा, “जरूरत पड़ने पर हम बुलडोजर चलाएंगे। हम जांच करेंगे कि क्या घटना के बारे में पहले से कोई जानकारी थी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। जिसने भी इस हिंसा की साजिश रची। उसे भी नतीजे भुगतने होंगे। जनता को हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों की संपत्ति से की जाएगी।”
Also Read:
- एलजी मनोज सिन्हा ने आर्टिकल 370 हटने के 4 साल पूरे होने पर बताया कितना हुआ बदलाव, कहा- ‘कश्मीरी किसी के हुक्म से नहीं बंधा’
- ज्ञानवापी मामले पर असदुद्दीन ओवैसी ने किया अयोध्या का जिक्र, कहा- ‘एक बार ASI सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक हो जाए…’,