India News (इंडिया न्यूज), India Pakistan Attack News: विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के साथ तनाव को लेकर लगातार चौथे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। पाकिस्तान ने 8-9 मई की रात को सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। भारतीय सेना ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। पाकिस्तान ने एलओसी पर भारी गोलीबारी भी की। कर्नल सोफिया कुरैशी के मुताबिक, पाकिस्तान ने नागरिक विमानों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया। वे विमान मार्गों का दुरुपयोग कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस 7, 8 और 9 मई को हुई पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस की अगली कड़ी थी। सरकार लगातार ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दे रही है। कर्नल सोफिया कुरैशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम बातें बताईं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने 8-9 मई की रात को हमला किया। उनका इरादा सैन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाना था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश की। करीब 300-400 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
India Pakistan Attack News (भारत की प्रेस ब्रीफिंग)
कर्नल सोफिया कुरैशी ने पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने नागरिक विमानों की आड़ में हवाई मार्गों का दुरुपयोग किया। साथ ही पाकिस्तानी सेना ने मेडिकल सेंटर और स्कूलों को भी निशाना बनाया। कर्नल कुरैशी ने यह भी कहा कि पाकिस्तानी सेना पश्चिमी सीमा पर लगातार गतिविधियां चला रही है।कर्नल कुरैशी के मुताबिक, इन ड्रोन का मकसद खुफिया जानकारी जुटाना और एयर डिफेंस सिस्टम की जानकारी हासिल करना था।शुरुआती जांच में पता चला है कि ये ड्रोन तुर्किये के थे। भारतीय सेना ने इन सभी ड्रोन को मार गिराया। एक यूएवी भी घूम रहा था, जिसे निष्क्रिय कर दिया गया। पाकिस्तान ने एलओसी (नियंत्रण रेखा) पर भी भारी गोलीबारी की। उन्होंने नागरिकों को ढाल के तौर पर इस्तेमाल किया।
कर्नल कुरैशी ने आगे कहा कि पंजाब सेक्टर में हाई एयर डिफेंस अलर्ट के दौरान भारतीय हवाई क्षेत्र नागरिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया था। लेकिन पाकिस्तान के इलाके में नागरिक उड़ानें चल रही थीं। पाकिस्तान के एक नागरिक विमान ने दम्मम से लाहौर के लिए उड़ान भरी। भारतीय वायुसेना ने संयम बरता और अंतरराष्ट्रीय नागरिक हवाई सेवा की सुरक्षा सुनिश्चित की। पाकिस्तान के यूएवी ने बठिंडा आर्मी स्टेशन को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे मार गिराया गया।