इंडिया न्यूज (Weather Update 24 June 2022)
आने वाले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तरी छत्तीसगढ़, दक्षिण और पूर्वी गुजरात, दक्षिण पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और पश्चिमी हिमालय के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम और मध्य उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, राजस्थान और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों सहित उत्तर पश्चिमी भारत का मौसम कम से कम अगले 2 से 3 दिनों तक शुष्क रहेगा। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।
वहीं मौसम विभाग मुताबिक आज 24 जून 2022 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री रह सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने मॉनसून को लेकर दिल्लीवालों के लिए राहत की खबर दी है। संभावना जताई जा रही है कि 27 जून के आसपास मॉनसून राजधानी में दस्तक दे सकता है। जिसके बाद कई दिनों तक तेज बारिश होगी।
देश में मॉनसून का तेजी से प्रसार हो रहा है। कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। आईएमडी की मानें तो दक्षिण-पश्चिमी हवा के प्रभाव से अगले चार दिनों में पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने का अनुमान है।
बिहार में लगातार हो रही बारिश
बिहार में मॉनसून ने राज्य में दस्तक दे दी है। प्रदेश के उत्तरी भू-भाग में लगातार अच्छी बारिश हो रही है, इसकी वजह से मिथिलांचल-सीमांचल और कोसी इलाके में नदियां उफान पर हैं। मिथिलांचल में अधवारा समूह और बागमती उफान पर है। बागमती मुजफ्फरपुर-दरभंगा सीमा के बेनीबाद और खगड़िया जिले में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
असम में बाढ़ से सात और लोगों की मौत
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. सात और लोगों की मौत हो जाने से इस आपदा में अब तक कुल 108 लोगों की जान जा चुकी है. गुरुवार को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित सिलचर शहर का हवाई सर्वेक्षण किया।
यहां बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग ने कहा है कि उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार और सिक्किम में भी कुछेक स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी से दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम हवा के प्रभाव में बारिश होने की संभावना है।