India News (इंडिया न्यूज), Sion Hospital: देश में डॉक्टरों पर हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मुंबई के सायन अस्पताल का है। जहां एक महिला डॉक्टर पर मरीज के परिजनों ने हमला किया है। खुद को बचाने की कोशिश में महिला डॉक्टर घायल भी हो गई है। घटना रविवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। इस घटना को लेकर बीएमसी एमएआरडी एसोसिएशन के डॉक्टरों ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
सायन अस्पताल का है मामला
सायन अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि घटना सुबह की है। यहां मरीज और उसके परिजनों ने महिला डॉक्टर के साथ हाथापाई की है। यह बेहद चिंताजनक है कि मुंबई में भी ऐसा हो रहा है। बताया जा रहा है कि सायन अस्पताल में रविवार सुबह यानी 18 अगस्त को एक महिला डॉक्टर पर उस समय हमला हुआ जब वह वार्ड में अपनी ड्यूटी कर रही थी। मिली जानकारी के मुताबिक महिला डॉक्टर पर हमला करने वाले सभी लोग नशे में थे। आरोपियों ने महिला डॉक्टर को धमकी भी दी है। इस घटना के बाद से मरीज और उसके आरोपी परिजन फरार हैं। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
सुरक्षा पुख्ता करने की मांग कर रहे डॉक्टर
कोलकाता में प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद देशभर के डॉक्टर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पिछले दिनों डॉक्टरों के एक समूह ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी बात रखी थी। सायन अस्पताल में हुई इस घटना ने एक बार फिर डॉक्टरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि डॉक्टरों की मांग पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कुछ दिन पहले सभी सरकारी अस्पतालों के लिए बड़ा निर्देश जारी किया था। जिसमें कहा गया था कि परिसर में कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा होने पर छह घंटे के अंदर पुलिस में शिकायत दर्ज करानी होगी। बीते शुक्रवार सुबह जारी संक्षिप्त नोटिस में कहा गया था कि अगर तय समय के अंदर ऐसी कोई शिकायत नहीं की जाती है तो संबंधित संस्थान के प्रमुख को जिम्मेदार माना जाएगा।