India News (इंडिया न्यूज),Aaj Ka Mausam: मंगलवार को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। आईएमडी ने 16 से 18 अप्रैल तक जारी हीट वेव अलर्ट वापस ले लिया। अब अगले सात दिनों तक हीट वेव की संभावना नहीं है। हालांकि, इस दौरान तापमान 38 से 41 डिग्री के आसपास रहेगा। ऐसे में गर्मी तो रहेगी, लेकिन लू नहीं चलेगी। ऐसा तेज सतही हवाओं के कारण हुआ है। जिससे तापमान नियंत्रण में रहेगा।
Aaj ka Mausam
आमतौर पर अप्रैल के आखिरी 15 दिन गर्म होते हैं। इस बार भी ऐसा ही रहने की उम्मीद है। मंगलवार को सुबह की शुरुआत गर्मी से हुई। इसके बाद तेज धूप निकली। जिससे दोपहर में पसीने वाली गर्मी ने परेशान किया। अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। हवा में नमी का स्तर 30 से 66 फीसदी तक रहा। नजफगढ़ में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री, पीतमपुरा में 27.4 डिग्री रहा। आया नगर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रहा।
पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को आसमान साफ रहेगा। शाम को आंशिक बादल छा सकते हैं। जमीन की सतह पर तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है। 17 और 18 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। तेज हवाएं चलेंगी। 18 अप्रैल को हवाएं और तेज चलेंगी। इनकी गति 40 किलोमीटर तक जा सकती है। 17 और 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री रह सकता है। 19 और 20 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी। 19 अप्रैल को हवाएं 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और 20 अप्रैल को 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती हैं। 21 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा। हवाएं कमजोर रहेंगी। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री रह सकता है।
स्काईमेट के अनुसार, तीन दिन तक मौसम गर्म रह सकता है। 16 से 19 अप्रैल के बीच कुछ स्थानों पर लू चल सकती है। वीकेंड पर तेज सतही हवाएं चलेंगी। इससे तापमान में थोड़ी कमी आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी। अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा ज्यादा गर्म होता है। पिछले 10 सालों में दिल्ली में छह बार अप्रैल में तापमान 42 डिग्री से ऊपर गया है। हर बार यह दूसरे पखवाड़े में रहा। अब दिल्ली में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।