India News (इंडिया न्यूज), CM Yogi On AMU: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के अल्पसंख्यक दर्जे पर पहली बार बयान दिया है। एएमयू में आरक्षण और सरकार के योगदान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह एक केंद्रीय संस्थान है, जो केंद्र सरकार के पैसे से चलता है, लेकिन फिर भी यहां एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों को आरक्षण नहीं मिलता है। योगी आदित्यनाथ का कहना है कि जिस तरह से भारत सरकार के पैसे से चलने वाले अन्य शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण नीति लागू है, उसी तरह एएमयू में भी लागू होनी चाहिए।
एएमयू में एससी, एसटी और ओबीसी को नहीं मिलता है आरक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खैर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश के अन्य हिस्सों में एससी, एसटी और पिछड़े वर्गों को मंडल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार आरक्षण मिलता है, लेकिन एएमयू में यह नीति नहीं अपनाई जाती है। उन्होंने कहा कि अगर यह संस्थान देश के करदाताओं के पैसे से चलता है, तो इसे सभी समुदायों को समान अवसर देने चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बसपा अपने राजनीतिक हितों के लिए एएमयू के अल्पसंख्यक दर्जे का समर्थन कर रहे हैं और इसे बनाए रखने में उनकी भूमिका केवल वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित है।
अलीगढ़ के लोगों को दिलाया ये भरोसा
सीएम योगी ने अलीगढ़ के लोगों को भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार की डबल इंजन सरकार उन्हें सुरक्षा और विकास का एहसास कराएगी। उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह के योगदान का भी जिक्र किया और कहा कि भाजपा सरकार ने उनके नाम पर अलीगढ़ में एक राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की है। यह विश्वविद्यालय आने वाले समय में अलीगढ़ के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।