India News (इंडिया न्यूज), Sudhanshu Trivedi Slams Pakistan : भारत ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र के मंच पर पाकिस्तान को उसकी औकात दिखाई है। संयुक्त राष्ट्र में बोलते हुए भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पड़ोसी देश को जम्मू-कश्मीर पर झूठी बातें फैलाने के लिए कड़ी चेतावनी दी है। सुधांशु त्रिवेदी ने 8 नवंबर को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की विशेष राजनीतिक और उपनिवेशवाद विरोधी समिति की बैठक में पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया है। सुधांशु त्रिवेदी ने अपने बयान में साफ कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा। भाजपा सांसद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने हाल ही में लोकतांत्रिक और चुनावी अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए नई सरकार चुनी है। उन्होंने पाकिस्तान से इस तरह की बयानबाजी और झूठ से बचने का आग्रह किया, क्योंकि इससे तथ्य नहीं बदलेंगे।
सुधांशु त्रिवेदी का धमाकेदार जवाब
संयुक्त राष्ट्र के मंच पर पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह (यूएनएमओजीआईपी) का जिक्र किया था। इसके जवाब में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह कोशिश संयुक्त राष्ट्र के इस महत्वपूर्ण मंच से ध्यान भटकाने की है। उन्होंने कहा कि शिमला समझौते और उसके बाद बनी नियंत्रण रेखा (एलओसी) के कारण अब यूएनएमओजीआईपी की प्रासंगिकता समाप्त हो गई है। भारत ने साफ कर दिया कि वह पाकिस्तान के ऐसे अपमानजनक प्रयासों का जवाब देने से बचेगा ताकि संयुक्त राष्ट्र के सदस्यों का सम्मान बरकरार रहे।
भारत से कई नेता हुए शामिल
सुधांशु त्रिवेदी ने संयुक्त राष्ट्र के मंच पर दुनिया और पाकिस्तान के सामने साफ कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था और रहेगा। इसके अलावा सुधांशु ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने 1948 में शांति सैनिकों की नियुक्ति का जिक्र कर मुद्दे से भटकाने की कोशिश की। इसके अलावा कांग्रेस के राजीव शुक्ला, डीएमके के तिरुचि शिवा और बीजेडी के सस्मित पात्रा जैसे नेता भी संयुक्त राष्ट्र में भारतीय सांसदों की इस यात्रा में शामिल हुए।