इंडिया न्यूज, देहरादून:
Temporary Ban on Chardham Yatra 2021: मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के चलते उत्तराखंड सरकार ने चारधाम की यात्रा पर फिलहाल अस्थाई रूप से रोक लगा दी है। गंगोत्री और यमुनोत्री में जिन श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। उन सभी को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कह दिया गया है। सीएम धामी ने भी सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दे दिए हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है और इसे देखते हुए चारधाम की यात्रा पर सरकार ने रोक (Temporary Ban on Chardham Yatra 2021) लगा दी है। रविवार सुबह से ही उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश जारी है। सरकार ने एतिहात के तौर पर केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। धाम में पहुंचे यात्रियों को दर्शन के बाद वापस भेजा जा रहा है। यात्रा के मुख्य पड़ावों पर पुलिस और एसडीआरएफ को मदद के लिए तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु से फोन पर स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कहीं भी कोई घटना होती है तो रिस्पांस टाइम कम से कम होना चाहिए। जरूरत होने पर प्रभावितों को तत्काल राहत मिले। चार धाम यात्रा मार्ग पर भी विशेष ध्यान रखा जाए। चार धाम यात्रियों, पर्यटकों से भी सावधानी बरतने की अपील कर ली जाए।
गंगोत्री और यमुनोत्री में जिन यात्रियों ने दर्शन कर लिए हैं, उन्हें सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा जा रहा है। यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों को बडकोट में ही रोका गया है, जबकि गंगोत्री जाने वाले यात्रियों को उत्तरकाशी और भटवाड़ी के पास रोका जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस प्रशासन और सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा प्रबंधन विभाग ने इस चेतावनी के मद्देनजर सभी स्थानीय निवासियों और यात्रियों से सतर्कता बरतने, नदी नालों से दूरी बनाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
Yuvraj Singh Arrested Got Bail क्रिकेटर युवराज सिंह गिरफ्तार, मिली जमानत
Get Current Updates on News India, India News, News India sports, News India Health along with News India Entertainment, India Lok Sabha Election and Headlines from India and around the world.