India News (इंडिया न्यूज़), Amarnath Yatra 2023, जम्मू-कश्मीर: हर हर महादेव और बम बम भोले के जयघोषों के बीच आज शुक्रवार सुबह श्री अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना हो गया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री अमरनाथ यात्रियों के पहले जत्थे को झंडी दिखाकर पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना किया है।

उपराज्यपाल ने पूजा-अर्चना के बाद दिखाई झंडी

एलजी व अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने आज शुक्रवार तड़के करीब सवा 4 बजे पूजा-अर्चना के बाद पहले जत्थे को झंडी दिखाई है। इस दौरान आधार शिविर पूरी तरह महादेव के रंग में रंगा गया। भोलेनाथ के जयकारे लगाकर भक्तों ने यात्रा की शुरुआत की।

कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर के लिए रवाना हुआ जत्था

बता दें कि कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों का काफिला कश्मीर के लिए रवाना किया गया। श्रद्धालुओं का पहला जत्था गुरुवार को जम्मू के आधार शिविर भगवती नगर पहुंच गया था। पहली बार श्रीअमरनाथ यात्रा के दौरान भूस्खलन वाली जगहों से गुजरते समय पत्थरों से बचने के लिए श्रद्धालुओं को हेलमेट दिए जा रहे हैं।

अमरनाथ यात्रा से पहले उधमपुर जिले के टिकरी में एनएच-44 पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

कल पवित्र गुफा की तरफ बढ़ेगें श्रद्धालु

श्रीअमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु शनिवार को पारंपरिक बालटाल और पहलगाम रूट से पवित्र गुफा की तरफ बढ़ेंगे। शनिवार को ही बालटाल रूट से जाने वाला जत्था हिमलिंग के दर्शन करके लौट आएगा।

Also Read: राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी