India News (इंडिया न्यूज), Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव जल्द होने वाले हैं। जिसे लेकर सभी पार्टियां जनता से एक से बढ़कर एक वादे कर रही हैं। हाल ही में कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी किया है। दरअसल, घोषणापत्र में कर्नाटक में सत्ता में आने पर बजरंग दल पर बैन लगाने की बात कही गई है। जिसे लेकर राज्य में घमासान मचा हुआ है। अब बजरंग दल की चंडीगढ़ इकाई ने कांग्रेस को मानहानि का नोटिस भेजा है। संगठन ने पार्टी से 100 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।

कांग्रेस ने बजरंग दल के खिलाफ दिया अपमानजनक बयान

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बजरंग दल चंडीगढ़ ने भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि बजरंग दल के खिलाफ कांग्रेस ने अपमानजनक बयान दिया है। इसके साथ ही इसकी तुलना पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) जैसे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से की है। इस नोटिस पर विश्व हिंदू परिषद ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने की कांग्रेस पार्टी को कीमत चुकानी पड़ेगी।

खड़गे ने लगाया ‘जय बजरंग बली’ का नारा

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति चरमराई हुई है। अभी तक तो केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही जय बजरंग बली के नारे के साथ भाषण की शुरुआत तथा अंत किया करते थे। मगर अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी ‘जय बजरंग बली’ का नारा लगाने लगे हैं। हाल ही में खड़गे ने अपने नारे में कहा था, “जय बजरंग बली, तोड़ दे भ्रष्टाचार की नली।”

Also Read: जंतर-मंतर पर आज खाप नेताओं का जमावड़ा, पहलवानों के साथ निकालेंगे कैंडल मार्च, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा