India News (इंडिया न्यूज),Noida:नोएडा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां ओयो होटल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत से पूरे इलाके में हंगामा मच गया। अब मामले में इंजीनियर के महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने लड़की को गिरफ्तार तब किया जब लड़के के भाई ने महिला पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था।
जानकारी के मुताबिक, हाथरस के आवास विकास कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय उमेश गुरुवार को मथुरा की रहने वाली अपनी महिला मित्र के साथ नोएडा के सेक्टर 27 स्थित ओयो होटल में रुके थे। उमेश की प्रेमिका बाथरूम गई थी, उसी समय उमेश ने कमरे में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। जैसे ही उमेश की महिला मित्र बाहर आई तो उसने शोर मचा दिया, जिससे होटल में हड़कंप मच गया। इसके बाद होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
representative image
सेक्टर 20 थाना प्रभारी ने बताया, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में पता चला है कि उमेश शादीशुदा था और उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। उसने तलाक का केस भी दायर कर रखा था। घटना के तुरंत बाद महिला की सहेली से पूछताछ की गई। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच की।