India News (इंडिया न्यूज),Hezbollah Israel War: लेबनान में इजरायली हमले में 33 लोगों की मौत हो गई जबकि 195 अन्य घायल हो गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। लेबनान के मंत्री नासिर यासीन ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया है कि इजरायली हमलों के कारण करीब 10 लाख लेबनानी लोग विस्थापित हुए हैं, जबकि शुक्रवार को हुए हमले के बाद हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हैं। मंत्री ने कहा कि जिस तरह से इजरायल ने लेबनान पर बमबारी की है, उसके बाद कई परिवार लेबनान छोड़कर चले गए हैं। दरअसल, इजरायल ने शुक्रवार देर रात बेरूत में हिजबुल्लाह के मुख्यालय पर भीषण हमला किया। इस हमले में हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह की मौत हो गई। उसके कई कमांडर भी मारे गए। हिजबुल्लाह ने शनिवार को नसरल्लाह की मौत की पुष्टि की।
तीन दिन का शोक
लेबनान ने हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह की मौत के बाद तीन दिन के शोक की घोषणा की है। वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने नसरल्लाह की मौत को अपनी बड़ी उपलब्धि बताया है। नेतन्याहू ने कहा कि नसरल्लाह की हत्या एक ऐतिहासिक मोड़ है जो मध्य पूर्व में शक्ति संतुलन को बदल सकता है। इसके साथ ही उन्होंने आने वाले चुनौतीपूर्ण दिनों की चेतावनी भी दी।
नसरल्लाह की मौत
नसरल्लाह की मौत के बाद इज़रायली सेना ने कहा था कि दुश्मनों तक पहुँचने में ज़्यादा समय नहीं लगेगा। आईडीएफ ने नसरल्लाह को उस समय निशाना बनाया जब वह इज़रायल पर हमले की योजना बना रहा था। वह कुछ मिनट पहले ही मुख्यालय पहुँचा था जब इज़रायल ने उस पर बंकर बस्टर बम से हमला कर दिया। इस हमले में नसरल्लाह मारा गया। नसरल्लाह की मौत के बाद लेबनान में जबरदस्त गुस्सा है। उसने इज़रायल पर हमला करना शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ़ इज़रायल ने भी लेबनान पर बमबारी शुरू कर दी है।
बाइडन ने क्या कहा?
अमेरिका ने भी हिज़्बुल्लाह प्रमुख की मौत पर बड़ा बयान दिया। राष्ट्रपति बाइडन ने इज़रायल की आत्मरक्षा का समर्थन किया। बाइडन ने कहा कि हसन अमेरिकियों की हत्या के लिए ज़िम्मेदार है। उसने सैकड़ों अमेरिकियों को मारा। पीड़ितों को न्याय मिले।