India News (इंडिया न्यूज), Hafiz Saeed News: भारत के सबसे बड़े दुश्मन आतंकी हाफिज सईद को लेकर बड़ा दावा किया जा रहा है। दावा है कि लश्कर-ए-तैयबा का चीफ हाफिज सईद मारा गया है। पाकिस्तान में गुप्त चर्चा है कि, आतंकी हाफिज सईद का खेल खत्म हो गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और पाकिस्तानी हैंडल्स पर हाफिज सईद पर हमले का दावा किया जा रहा है। एक्स पर हाफिज सईद ट्रेंड कर रहा है। कई अकाउंट्स ने दावा किया है कि जमात-उद-दावा चीफ और मुंबई हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के झेलम इलाके में मारा गया है। हालांकि, इसकी अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।
हाफिज सईद कर रहा ट्रेंड
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हाफिज सईद लगातार ट्रेंड कर रहा है। सोशल मीडिया पर उसकी हत्या को लेकर पोस्ट की भरमार है। अलग-अलग पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि जब हाफिज सईद पंजाब के झेलम जा रहा था, तभी अज्ञात बंदूकधारियों ने उस पर हमला कर दिया इसमें ड्राइवर की भी मौत हो गई। जबकि कई पाकिस्तानी ट्विटर हैंडल का दावा है कि हाफिज सईद भी इसी कार में था। वह बुरी तरह घायल हो गया और उसे रावलपिंडी ले जाया गया, जहां उसकी मौत की खबर है। हालांकि, इस बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में मौत का दावा
इसके अलावा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति दावा कर रहा है कि हाफिज सईद की हत्या हो गई है। झेलम इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने उस पर हमला किया था। इसमें वह बुरी तरह घायल हो गया था। रावलपिंडी के अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि फैजल नदीम उर्फ अबू क़ताल सिंधी की हत्या की पुष्टि हो गई है, लेकिन उसके साथ एक और व्यक्ति की मौत हुई है, जिसकी जानकारी गुप्त रखी गई है।
पाकिस्तान में कई पोस्ट हो रहे वायरल
पाकिस्तान में कई पोस्ट वायरल हो रही हैं, जिसमें हाफिज सईद के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार इस जानकारी को बेहद गुप्त रख रही है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब हाफिज सईद के मारे जाने का दावा किया गया हो। इससे पहले भी उनकी मौत की अफवाहें उड़ चुकी हैं। अब देखना यह है कि सोशल मीडिया और पाकिस्तान में चल रही गुप्त चर्चाओं में कितनी सच्चाई है।
पीटीआई के एक नेता ने किया दावा
वहीं, इमरान खान की पार्टी पीटीआई के एक नेता ने भी एक्स पर हाफिज सईद को लेकर बड़ा दावा किया है। पीटीआई नेता समद याकूब ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने लिखा, ‘मेरी जानकारी के मुताबिक, हमले में हाफिज सईद और उसका भतीजा मारा गया है। हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद के मुताबिक, हाफिज सईद ठीक है, लेकिन उसकी आवाज और लहजे से ऐसा नहीं लगता कि वह ठीक है।’
कौन है हाफिज सईद?
आपको जानकारी के लिए बता दें कि, हाफिज सईद भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी है। भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण में लगी हुई है। हाफिज सईद भारत के मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में शामिल है। इतना ही नहीं, वह 26/11 मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है। हाफिज सईद पुलवामा हमले का भी मास्टरमाइंड है। भारत के अलावा कई अन्य देशों ने हाफिज सईद को आतंकी घोषित किया हुआ है। अमेरिका ने भी हाफिज सईद और उसके संगठन पर इनाम घोषित किया हुआ है। हाफिज सईद का आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा है। इस आतंकी संगठन पर करीब 10 मिलियन डॉलर का इनाम है। आतंकी फंडिंग मामले में हाफिज सईद को जेल में डाला जा चुका है।