India News (इंडिया न्यूज), Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आने के बाद पड़ोसी देश में हड़कंप मच गया है। इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसका असर अब दिखने लगा है। पड़ोसी देश के नेता काफी घबराए हुए नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि वे इन दिनों अनाप-शनाप बोलने लगे हैं। ताजा मामला पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री नजम सेठी से जुड़ा है। उन्होंने भारत की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी है।
नजम सेठी ने गीदड़ भभकी देते हुए कहा है कि पाकिस्तान भारत पर परमाणु बम गिरा सकता है। नजम सेठी ने कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ दिन तक युद्ध चलता है तो भारत पाकिस्तान पर हावी नहीं हो सकता, लेकिन अगर युद्ध लंबे समय तक चलता है तो पाकिस्तान भारत के सामने टिक नहीं पाएगा। फिर ऐसी स्थिति में पाकिस्तान परमाणु बम गिरा सकता है। भारत वैसे भी डरा हुआ है। उसे पता है कि वे पागल हैं। वे कुछ भी कर सकते हैं। हम युद्ध से नहीं डरते।
Pahalgam Terror Attack (नजम सेठी ने भारत पर परमाणु हमला करने की धमकी दी है )
पहलगाम आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कार्रवाई लगातार जारी है। जिससे पाकिस्तान की सरकार बौखलाई हुई है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से लेकर उनके मंत्रियों ने भारत के खिलाफ जहर उगलना शुरू कर दिया था। नजम सेठी से पहले पाकिस्तानी रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने भी धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर हमारी पानी की सप्लाई रोकी गई तो भारत को युद्ध के लिए तैयार रहना होगा। हमारे पास गौरी, शाहीन, गजनवी और 130 परमाणु हथियार हैं। ये सभी हथियार सिर्फ भारत के लिए रखे गए हैं। इनका रुख हिंदुस्तान की तरफ है।
पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद देश में गुस्से का माहौल है। इसको लेकर सरकार ने भी पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, जिसके चलते भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को खत्म करने का फैसला किया है। इसके अलावा सभी पाकिस्तानी अधिकारियों को देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। साथ ही देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भी देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। इसके लिए सरकार ने सभी वीजा रद्द कर दिए हैं।