इंडिया न्यूज, काबुल/इस्लामाबाद :
पाकिस्तान ने तहरीक-ए-तालिबान के खतरे के मद्देनजर सीमा पर हजारों अफगान शरणार्थियों को देखते हुए गुरुवार को चमन सीमा को बंद कर दिया, जिसके बाद यहां भगदड़ मच गई। इस दौरान कई लोगों के हताहत होने की खबर है। चमन सीमा पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दूसरा सबसे बड़ा कॉमर्शियल बॉर्डर प्वाइंट है। यह बॉर्डर क्रॉसिंग अफगानिस्तान में कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक को पाकिस्तान के सीमांत कस्बे चमन से जोड़ता है। सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे वीडियो में दिख रहा है कि हजारों लोग पाकिस्तान में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद बहुत से लोग जान बचाने और क्रूरता से बचने के लिए हर हाल में देश छोड़ देना चाहते हैं। टोलो न्यूज के एक पत्रकार ने वीडियो शेयर करते हुए दावा किया है कि भगदड़ में कम से कम चार लोग मारे गए हैं। और भी कई लोग हताहत हो सकते हैं। मुस्लिम शिरजाद ने ट्विटर पर वीडियो के साथ लिखा, कंधार के स्पिन बोल्डक से गुजरने वाले पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा को बंद कर दिया गया है। भीड़ में 4 लोगों की मौत हो गई। हजारों महिलाएं और बच्चे सीमा के पास सो रहे हैं। इससे पहले दिन में पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख राशिद अहमद ने कहा था कि सुरक्षा खतरों के कारण चमन क्रॉसिंग को कुछ दिन के लिए बंद किया जा सकता है।