India News (इंडिया न्यूज), Violent Attack on Desi woman in Canada: कनाडा के कैलगरी का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें एक शख्स बो वैली कॉलेज ट्रेन स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर एक लड़की को हिंसक तरीके से धक्का देते हुए देखा जा सकता है। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि जिस लड़की पर सरेआम हमला किया गया, वह भारतीय है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नीली जैकेट और गहरे भूरे रंग की पैंट पहने एक शख्स ने स्टेशन पर खड़ी लड़की पर हिंसक हमला किया। शख्स ने पहले लड़की का गला दबाया। फिर उसकी जैकेट पकड़कर उसे ट्रांजिट शेल्टर की दीवारों पर जोर से पटक दिया। इसके बाद वह फोन मांगने लगा।
डराने वाला विडियो
वीडियो में आप देखेंगे कि लड़की डर के मारे चीखने लगती है। प्लेटफॉर्म पर कई लोग मौजूद हैं, लेकिन किसी ने हमलावर को रोकने या लड़की की मदद करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। इस बीच वह शख्स फोन लिए बिना ही चला जाता है। इसके बाद लड़की तुरंत पुलिस को हमले की सूचना देती है।
‘हमला नस्लीय रूप से प्रेरित ?’
कैलगरी के सिटी न्यूज एवरीवेयर के अनुसार, हमलावर को आधे घंटे के भीतर ईस्ट विलेज से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी व्यक्ति की पहचान ब्रैडेन जोसेफ जेम्स फ्रेंच के रूप में हुई है। हालांकि, भीड़ द्वारा लड़की की मदद करने से इनकार करने का वीडियो, जो एक भारतीय प्रतीत हो रही थी, ने कई लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या यह हमला नस्लीय रूप से प्रेरित था। हालांकि, पुलिस ने इससे इनकार किया है।
‘उन्होंने लड़की की मदद क्यों नहीं की?’
वहीं, ‘द कैनेडियन पंजाबी’ नाम के एक इंस्टाग्राम पेज ने वीडियो शेयर करते हुए पूछा, आखिर किसी ने लड़की की मदद क्यों नहीं की?
इस पोस्ट पर कई कमेंट आए हैं। एक यूजर ने लिखा, जो भारतीय कनाडा में रहना चाहते हैं, उन्हें यह वीडियो जरूर देखना चाहिए। दूसरे यूजर ने कमेंट किया, लड़की पर हमला हुआ और भीड़ खड़ी होकर तमाशा देखती रही। एक अन्य यूजर ने कहा, अगर कोई सरदार यह सब होते देखता तो उस आदमी को उसकी छठी का दूध याद दिला देता।