आत्मनिर्भर भारत को आत्मनिर्भर महिलाओं की जरूरत
इंडिया न्यूज, नई दिल्ली:
क्या आप जानते हैं देश में एक ऐसी दोपहिया वाहन फैक्टरी है, जिसे पूरी तरह से महिलाएं ही चला रही हैं। इस फैक्टरी में 10 हजार महिलाओं को काम दिया जाएगा। इस फैक्टरी का नाम है Ola Future Factory. 13 सितंबर को ओला के सह-संस्थापक भावीश अग्रवाल ने ट्वीट किया है कि आत्मनिर्भर भारत को आत्मनिर्भर महिलाओं की जरूरत है और उन्हें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि ओला फ्यूचरफैक्ट्री पूरी तरह से 10 हजार से अधिक महिलाएं संचालित करेंगी। यह दुनिया की सबसे बड़ी फैक्ट्री होगी जिसमें सिर्फ महिलाएं काम करती हों।
अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं को रोजगार मिलने से न सिर्फ उनके व उनके परिवार का जीवन खुशहाल होगा बल्कि इससे समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा। वहीं महिलाओं को मौका मिलने से भारत की जीडीपी 27 फीसदी की दर से बढ़त सकती है।
आपको बता दें कि ओला ने पिछले साल 2400 करोड़ रुपये के निवेश से तमिलानाडु में पहली इलेक्ट्रिक स्कूटर फैक्ट्री खोलने का ऐलान किया था। कंपनी ने कहा है कि वह पहले सालाना 10 लाख स्कूटर का उत्पादन करेगी और फिर इसे बाजार मांग के मुताबिक 20 लाख तक बढ़ाया जाएगा। कंपनी की माने तो यह दुनिया की सबसे बड़ी स्कूटर मैन्यूफैक्चरिंग फैसिलिटी होगी।