इंडिया न्यूज, नई दिल्ली | Indian Buddhist Association : राजधानी दिल्ली के एमसीडी चुनाव में भाजपा, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस समेत कई छोटी-छोटी पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों को चुनाव में उतार दिया हैं। वोटरों को लुभाने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां अपने- अपने तरीके से वादे करने में जुट गई हैं। ऐसे माहौल में भारतीय बौद्ध संघ ने इस चुनाव में भाजपा का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है।
भारतीय बौद्ध संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भंते संघप्रिय राहुल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि एमसीडी में भाजपा ने ऐतिहासिक और दिल्ली की जनता को सुविधा देने वाली योजनाओं को जमीन पर उतारा है। जिसका सीधा लाभ दिल्ली के लोगों को मिल रहा है। एमसीडी में भाजपा ने पूरे दिल्ली में हजारों पार्क और पार्क में जिम उपकरण की व्यवस्था के साथ ही पूरे दिल्ली में स्ट्रीट लाइटें, सामुदायिक केंद्र, सड़कें व दिल्ली को स्वच्छ बनाने जैसी मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित किया है।
बीजेपी की जनकल्याणकारी योजनाओं को देख कर कर रहे हैं सपोर्ट
भाजपा के जनकल्याणकारी कार्य को देखते हुए अखिल भारतीय बौद्ध संघ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत भाजपा दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष आदेश गुप्ता को पत्र भेजकर एमसीडी चुनाव में भाजपा का समर्थन कर रही है। वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वह भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए अग्रसर हैं इसके साथ ही देश के अंदर बड़ी से बड़ी समस्याओं को दूर करने में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यों की जितनी तारीफ की जाए कम है।
उन्होंने कहा कि भारतीय बौद्ध संघ राष्ट्रवाद, एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है और देश हित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए जा रहे फैसले का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद और देश के लिए भारतीय बौद्ध संघ का विचार और सिद्धांत मजबूत है। राष्ट्रवाद और देश को लेकर जाति और मजहब से उठकर सोचने की आवश्यकता है।
भारतीय बौद्ध संघ के हर वार्ड में है डेढ़ सौ से ज्यादा कार्यकर्ता
भंते संघप्रिय राहुल ने कहा कि दिल्ली के हर वार्ड में डेढ़ सौ से ज्यादा कार्यकर्ता हमारे संगठन के हैं वह भाजपा उम्मीदवार के लिए प्रचार-प्रसार करेंगे और लोगों को भाजपा को वोट देने के लिए अपील करेंगे। उन्होंने कहा हमारे कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम भी करेंगे। भारतीय बौद्ध संघ के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा को जिताने के लिए दिन-रात मेहनत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भी काम करेंगे।
ये भी पढ़ें : भारत का आईपीयू सदस्य होना सभी आकांक्षी देशों के लिए मायने रखता है: अपराजिता सारंगी
हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे !