इंडिया न्यूज़: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय कर्नाटक दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार को तुमकुर में पार्टी के शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का दूसरा नाम भ्रष्टाचार, कमीशन, जातिवाद है। हमारा मिशन जनता की सेवा करना है जबकि कांग्रेस का मिशन कमीशन लेना है। इन लोगों का काम एक भाई को दूसरे भाई से लड़ाना,जिले को जिले से लड़ाना, प्रदेश को प्रदेश से लड़ाना रहा है।
कांग्रेस वाले वोट बैंक की राजनीति करते हैं। जातिवाद और वंशवाद को बढ़ावा देना कांग्रेस अच्छे तरीके से जानती है। जबकि बीजेपी में जातिवाद और वंशवाद का कोई स्थान नहीं हैं। हमने जो वादा किया था, उसे पूरा भी किया। कर्नाटक की भाजपा सरकार ने राज्य में विकास के लिए कोई कमी नहीं की।
कार्यकर्ताओं को सक्षम बूथ बनाने की अपील
जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सक्षम बूथ बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को इससे जुड़ना चाहिए साथ ही हमें टिफिन मीटिंग आयोजित करनी चाहिए, जंहा हम साथ में मिलकर खा सकें और हम एक हो सकें।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद से राजनीति से परिवारवाद, वंशवाद और जातिवाद समाप्त हो गया है। मोदी जी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ इस मंत्र के साथ सबको आगे बढ़ाने का काम किया है। हमने विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा सरकार देश और प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।