इंडिया न्यूज, जबलपुर:
जबलपुर जिले में बारिश की मार के साथ संक्रामक बीमारियां लगातार पैर पसार रही हैं। डेंगू के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। जिले में डेंगू के अब तक 393 मरीज हो चुके हैं। साथ ही वायरल बीमारी भी आम लोगों को जकड़ रही है। इसमें मिस्ट्री फीवर का प्रकोप सबसे अधिक है, जो आम लोगों के साथ डॉक्टर्स की चिंता भी बढ़ा रहा है। इस बीमारी में मरीजों की प्लेटलेट्स अचानक गिर रही है। इसके मरीजों की तादाद हजारों में हो चुकी है। मौसमी बुखार और मिस्ट्री फीवर जिस तेजी से फैल रहा है, उसके बीच सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था भी बौनी साबित हो रही है, क्योंकि एक साथ इतनी बड़ी तादाद में मरीज आ रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में वॉर्ड फुल हो चुके हैं. जमीन पर लिटा कर मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

जिला अस्पताल के सभी वॉर्ड फुल
जबलपुर जिला अस्पताल विक्टोरिया में अमूमन सभी वार्ड फुल हैं। बच्चा वॉर्ड या अन्य सभी वॉर्ड में वायरल और डेंगू से पीड़ित मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। सबसे बड़ी परेशानी प्लेटलेट्स की बनी हुई है। इस मिस्ट्री फीवर में मरीज की प्लेटलेट्स गिरकर अचानक नीचे जा रही है। मरीजों की संख्या इतनी ज़्यादा है कि प्लेटलेट्स आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।