- बादल बोले सीएम को सूबे की कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए बैठकें करनी चाहिए
- कवि कुमार विश्वास ने कसा तंज, कहा-पुलिस का अपमान मत करो…पगड़ी संभाल जट्टा
- सरकार पर पंजाब पुलिस का इस्तेमाल करने का लगाया आरोप
इंडिया न्यूज, चंडीगढ़। पंजाब पुलिस द्वारा दिल्ली में बीजेपी के नेता तेजिंदर बग्गा को गिरफ्तार किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार पर पंजाब पुलिस का इस्तेमाल किए जाने को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए है। विपक्ष द्वारा इस पूरे मामले को लेकर आप सरकार पर राजनैतिक बदलाखोरी तक के आरोप लगाए जा रहे है।
इससे पहले भी कवि कुमार विश्वास एवं कांग्रेंसी नेता अल्का लांबा मामले में भी पंजाब पुलिस की कार्रवाई को लकर विपक्ष सरकार को घेर चुका है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आज कहा है यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
ऐसे समय में जब पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति सबसे खराब है और सांप्रदायिक सदभाव बिगड़ रहा है, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को अपने छोटे मोटे व्यक्तिगत मामले सुलझाने में मदद करने के लिए पुलिस बल की व्यवस्था की है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान को केजरीवाल के हाथों की कठपुतली न बनने के लिए कहते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री को कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा मीटिंगें करनी चाहिए। पंजाब पुलिस की टीमों को दिल्ली में तैनात कर आप पार्टी के विरोधियों को गिरफ्तार करने का काम करने पर लगा दिया गया है।
लोगों ने आप को बदलाव के लिए चुना था : बादल
मुख्यमंत्री को बदलाखोरी की राजनीति से बचने के लिए कहते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाबियों ने इस कार्य के लिए आम आदमी पार्टी को नहीं चुना था। पंजाब के लोग राज्य में किए गए वादे के मुताबिक बदलाव देखना चाहते हैं।
यह निंदनीय है कि आप पार्टी की सरकार लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय तेजिंदर बग्गा जैसे अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है, जिन्हे आज हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और बाद में पंजाब पुलिस के चंगुल से आजाद कर दिया।
पुलिस को भी सरकार के अवैध आदेशों का पालन करने से बचने को कहा
बादल ने पंजाब पुलिस प्रमुख से आप पार्टी सरकार के अवैध आदेशों का पालन करने से बचने के लिए कहा है। पंजाब पुलिस को पेशेवर पुलिस बल के रूप में जाना जाता है, लेकिन जिस तरह से आप पार्टी सरकार द्वारा इसका दुरूपयोग किया जा रहा है, इसका मजाक उड़ाया गया है।
राज्य के डीजीपी को साहस दिखाना चाहिए और बदलाखोरी की राजनीति करने वाली पार्टी नही बनना चाहिए। हाल की घटनाओं ने सभी संदेहों को दूर कर दिया है कि अरविंद केजरीवाल अपने राजनीतिक साम्राज्य का विस्तार करने के लिए पंजाब को एक उपनिवेश के रूप में देख रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री दिल्ली दरबार के सूबेदार बन गए हैं।
अधिकारियों के तबादले एवं पोस्टिंग भी दिल्ली से किए जाने का आरोप
बादल ने कहा कि अधिकारियों की सभी पोस्टिंग और तबादले दिल्ली से ही की जाती है। पंजाब सरकार दिल्ली सरकार की सहायक कंपनी बन गई है। दोनों सरकारों के बीच हाल ही में हुए समझौते ने दिल्ली द्वारा पंजाब के पूर्ण प्रशासनिक नियंत्रण का रास्ता साफ किया है।
यह चौंकाने वाली बात है कि पंजाब के हितों को दिल्ली को बेचने के बाद, मुख्यमंत्री भगवंत मान अब आम आदमी पार्टी के विरोधियों को गिरफ्तार करने और केस दर्ज करने के लिए अवैध आदेश ले रहे हैं।
कांग्रेंस विधायक ने भी प्रकरण पर साधा निशाना
कांग्रेंस विधायक परगट सिंह ने भी इस मामले को लेकर आप सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया कि आज पंजाब के इतिहास के लिए एक बुरा दिन है जिसमें पुलिस पर एक किडनैपिंग का केस का सामना करना पड़ा।
परगट सिंह ने कहाक कि भगवंत मान जी पंजाब पुलिस आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल के राजनैतिक मुद्दों को हल करने के लिए नहीं है। यह समय सभी प्रकार के अवैध और गैर कानूनी आदेशों को नहीं करने का समय है।
कवि कुमार विश्वास ने भी सरकार पर कसा तंज
दिल्ली भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर कुमार विश्वास ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर लिया है। ट्विटर के जरिए कुमार विश्वास ने ट्वीट करते हुए मान को पंजाब के लोगों के टैक्स से हासिल पैसे का गलत इस्तेमाल नहीं करने की नसीहत दी है।
कुमार विश्वास ने ट्वीट कर लिखा, प्रिय छोटे भाई खुद्दार पंजाब ने 300 साल में, दिल्ली के किसी असुरक्षित तानाशाह को अपनी ताकत से कभी नहीं खेलने दिया। पंजाब ने तुम्हारी पगड़ी को ताज सौंपा है किसी बौने दुर्योधन को नहीं…पंजाब के लोगों के टैक्स के पैसों व उनकी पुलिस का अपमान मत करो… पगड़ी सम्भाल जट्टा।
ये भी पढ़ें : पंजाब सरकार ने मूंग की फसल को एमएसपी पर खरीदनें का किया ऐलान, किसानों के लिए बनाई ये फसल चक्र योजना…
Connect With Us : Twitter | Facebook | Youtube
हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे