इंडिया न्यूज़ (Congress: Bharat jodo yatra): कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा इस समय पंजाब पहुंच गई है। पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा का आज 5वां और दोआब में तीसरा दिन है। आठ दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में से ज्यादातर समय राहुल गांधी दोआब इलाके में बिता रहे हैं। कांग्रेस के लिए यह विधानसभा सीट काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें इसी क्षेत्र से मिली थीं। कांग्रेस इस इलाके को नजरअंदाज नहीं करना चाहती।

कांग्रेस ने 18 में से 10 सीटें दोआब में जीती थीं

लोहड़ी के मौके पर 13 जनवरी को यात्रा को एक दिन के लिए विराम दिया गया था, इस दिन भी राहुल गांधी दोआब इलाके में थे। वह अपनी 8 दिन की यात्रा में से 4 दिन दोआब में बिता रहे हैं। कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 18 सीटें जीती थीं, जिनमें 10 सीटें दोआब की हैं। दोआब में देश में दलित आबादी का प्रतिशत सबसे अधिक है।

11 जनवरी को शुरु हुई थी पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा

राहुल गांधी ने 11 जनवरी को ऐतिहासिक फतेहगढ़ साहिब से भारत जोड़ो यात्रा के पंजाब चरण की शुरुआत की थी। वहां से लुधियाना में प्रवेश किया और 12 जनवरी तक वहीं रहे। 14 जनवरी को यात्रा को फिर से लुधियाना-जालंधर सीमा से शुरू किया गया और फिल्लौर से दोआब क्षेत्र में प्रवेश किया। इसी दिन, जालंधर के मौजूदा लोकसभा सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के चलते यात्रा को एक दिन के लिए रोक दिया गया था। सांसद के अंतिम संस्कार के बाद रविवार को दोपहर 3.30 बजे जालंधर के लायलपुर खालसा कॉलेज से इसे फिर से शुरू किया गया।