ट्वीट कर बताया एनडीए का नया मतलब
इंडिया न्यूज, चंडीगढ़:
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने गुरुवार को किसानों के मामले में केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के मसले हल नहीं करना चाहती। इसी लिए किसान पिछले लंबे समय से राजधानी के बॉर्डर पर बैठे हुए हैं और केंद्र सरकार उनकी मांग नहीं मान रही। ज्ञात रहे कि प्रदेश में अगले वर्ष के शुरू में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए बुधवार को भाजपा ने पंजाब के लिए अपनी चुनाव टीम की घोषणा कर दी थी। जिसके बाद प्रदेश में चुनावी तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। इसी के चलते गुरुवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए जहां उन्हेंने कई गंभीर आरोप लगाए। वहीं कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) का नया मतलब भी समझाया। उन्होंने कहा कि एनडीए का मतलब है नो डेटा अवेलेबल। उन्होंने ट्वीट में कहा कि एनडीए का मतलब है किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के बारे में कोई डेटा उपलब्ध नहीं है।

केंद्र सरकार केवल अपने कॉरपोरेट दोस्तों को जानती है

नवजोत सिंह सिद्धू ने व्यंग्य करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के पास मजबूर व जरुरतमंद लोगों की कोई जानकारी नहीं है। वह तो केवल अपने अमीर कॉरपोरेट दोस्तों के बारे में जानती है, जिनका कर्ज माफ किया जाता है, जिनके विमानों में सरकार के लोग सफर करते हैं और जो सरकार की नीतियां बनाते हैं। सिद्धू ने कहा कि  पूरे देश में कितने किसानों ने आत्महत्या की, केंद्र सरकार के पास इसका कोई डेटा नहीं है। किसानों को कितनी आय होती है, इसकी भी जानकारी सरकार के पास नहीं है। पिछले कुछ समय में कितने लोगों ने अपनी नौकरियां गंवा दीं और कितने मजदूरों को घर छोड़कर पलायन करना पड़ा, केंद्र सरकार के पास कोई डेटा नहीं है।