इंडिया न्यूज, मुंबई:
Tusshar Kapoor Birthday: बॉलीवुड इंडस्ट्री के फेमस स्टार किड तुषार कपूर (Tusshar Kapoor) का आज जन्मदिन है। मशहूर एक्टर जितेंद्र के बेटे तुषार आज अपना 46वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने अपने बॉलीवुड करियर की शुरूआत साल 2001 में की थी। मगर वह बतौर लीड अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब नहीं हो पाए। बता दें कि तुषार ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरूआत फिल्म मुझे कुछ कहना हैं से की थी।

इस फिल्म में तुषार के साथ करीना कपूर लीड रोल में नजर आईं थीं। तुषार की पहली फिल्म हिट साबित हुई थी। इस फिल्म के लिए तुषार को बेस्ट मेल डेब्यू एक्टर का अवॉर्ड से नवाजा गया था। इसके बाद तुषार अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, ऐश्वर्या राय बच्चन और अजय देवगन के साथ खाकी में नजर आए थे। इस फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। इसके बाद तुषार कई फिल्मों में नजर आए मगर वो फिल्म हिट साबित नहीं हुईं। इसके बाद तुषार ने कॉमेडी फिल्मों में काम किया।

(Tusshar Kapoor Birthday) गैंगस्टर के किरदार को किया गया था पसंद

तुषार ने साल 2005 में फिल्म क्या कूल हैं हम में रितेश देशमुख के साथ काम किया। ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। उसके बाद वह रोहित शेट्टी की फिल्म गोलमाल में नजर आए थे। जिसके बाद वह एक बार फिर लाइम लाइट में आ गए थे। तुषार ने साल 2007 में एक ऐसा किरदार निभाया था जिसके लिए उनकी काफी तारीफ की गई थी। तुषार ने फिल्म शूटआउट एट लोकंडवाला में गैंगस्टर का किरदार निभाया था। जिसे काफी पसंद किया गया था. उसके बाद वह एक बार फिर गैंगस्टर के किरदार में शूटआउट एट वडाला में नजर आए थे।

वहीं तुषार ने कुछ समय के लिए दूरी बना ली थी। वह कई सालों से बड़े पर्दे से दूर रहे उसके बाद वह साल 2017 में गोलमाल अगेन में लकी के किरदार में नजर आए थे। उसके बाद वह रोहित शेट्टी की फिल्म सिंबा में आंख मारे गाने में नजर आए थे। तुषार ने फिल्म ‘क्या कूल हैं हम’ और ‘मस्तीजादे’ में काम किया। ये दोनों ही एडल्ट कॉमेडी फिल्म थीं। इसके सीक्वल में भी तुषार ने ही काम किया। लेकिन दोनों फिल्म उतनी नहीं चल पाई जितनी उम्मीद की जा रही थी। सोलो फिल्में ना मिलने के कारण तुषार अभी भी इंडस्ट्री में स्ट्रगल कर रहे हैं।

(Tusshar Kapoor Birthday) बिना शादी के बन गए थे पिता

तुषार कपूर के पिता बनने की खबर से इंडस्ट्री में हलचल मच गई थी। तुषार ने अभी तक शादी नहीं की है लेकिन वो एक बेटे के सिंगल पिता हैं। तुषार ने इसके लिए विट्रो फटीर्लाइजेशन का सहारा लिया। तुषार ने अपने बेटे का नाम लक्ष्य रखा है।

एक बयान में उन्होंने कहा था कि उनके मन में काफी समय से पिता बनने की ख्वाहिश थी। इस बारे में तुषार के पिता जितेंद्र ने कहा था कि परिवार में नए सदस्य का आगमन हुआ है। वहीं तुषार की मां शोभा कपूर भी दादी बनने के बाद काफी खुश हुई थी। शोभा ने कहा था कि तुषार के फैसले का हम सब ने साथ दिया। हम दादा-दादी बनने से काफी उत्साहित हैं। हमारे परिवार के लिए यह एक बड़ा आशीर्वाद है। फिलहाल तुषार अपने बेटे के साथ ही बिजी हैं। वो हमेशा लक्ष्य के आस-पास रहते हैं और उसकी देखभाल करते हैं।

Read More: Ranbir Kapoor स्टारर एनिमल की रिलीज डेट आउट