मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 19 जनवरी को रैली की थी। रैली में पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था। जिसके बाद पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर मुंबई पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। अधिकारियों के मुताबिक मुंबई पुलिस ने गुरुवार को एक 35 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया। व्यक्ति खुद को सेना का सिपाही बताकर उच्च सुरक्षा वाले वीवीआईपी इलाके में घुसने प्रयास किया।

पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक की घटना पीएम के रैली स्थल पर पहुंचने से करीब 90 मिनट पहले घटित हुई थी। आरोपी को मुंबई क्राइम ब्रांच ने संदेह के आधार पर रोका था। आरोपी की पहचान रामेश्वर मिश्रा के रूप में हुई है जो विज्ञान स्नातक है।

आरोपी पर इन धाराओं में मामला दर्ज हुआ है

आरोपी रामेश्वर मिश्रा पर मुंबई पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 171, 465, और 471 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को शुक्रवार को बांद्रा कोर्ट में पेश करके 24 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

19 जनवरी को मुंबई में हुई थी रैली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 जनवरी को मुंबई में कई विकास पहलों का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पीएम मोदी ने मुंबई में करीब 38,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुंबई में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास में, प्रधानमंत्री ने 20 हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दावाखाना का उद्घाटन किया।