India News (इंडिया न्यूज),Asaram Bapu: मध्य प्रदेश के उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान आसाराम बापू के समर्थन में एक बड़ी रैली निकाली गई, महिलाओं ने ‘बापू निर्दोष हैं’ जैसे नारे लगाए और उनकी रिहाई की मांग की। इस रैली का आयोजन महिला उत्थान समिति ने किया था, लेकिन इसका उद्देश्य आसाराम बापू का समर्थन करना प्रतीत हो रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला उत्थान समिति की ओर से चामुंडा माता चौराहे से संस्कृति रक्षा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा टावर चौक, फ्रीगंज और मेन रोड होते हुए कोठी पहुंची। हालांकि यह यात्रा महिला दिवस पर निकाली गई, लेकिन इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर पगड़ी बांधे नजर आईं। दरअसल, ये महिलाएं आसाराम बापू की भक्त थीं जो इस यात्रा के जरिए आसाराम बापू की रिहाई की मांग कर रही थीं और उन्हें निर्दोष बता रही थीं। यात्रा में कुछ महिलाएं हाथों में तख्तियां लिए हुए थीं। जिन पर लिखा था कि बापूजी निर्दोष हैं, उन्हें रिहा करो। बापूजी को फर्जी केस में फंसाया गया है।
रैली में मौजूद अहमदाबाद, गुजरात की ज्योत्सना बेन ने मीडिया से कहा कि आसाराम बापू निर्दोष हैं। उन्हें फर्जी केस में फंसाया गया है। बापू ने सबको सिखाया है कि महिलाएं नारायणी का रूप होती हैं। उन्होंने करोड़ों महिलाओं को जीने की कला सिखाई। इस रैली में उज्जैन, इंदौर, देवास के साथ-साथ पूरे मध्य प्रदेश और गुजरात से महिला भक्त शामिल हुई थीं। उनकी एक ही मांग थी कि आसाराम बापू निर्दोष हैं। उन्हें जल्द से जल्द रिहा किया जाए।
ता दें, सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल के आधार पर आसाराम बापू को पैरोल दी है। इस पैरोल के साथ ही कई शर्तें हैं, जिसके तहत आसाराम बापू न तो अपने समर्थकों से मिल सकते हैं और न ही प्रवचन दे सकते हैं। वहीँ, इंदौर में उनके द्वारा प्रवचन दिए जाने की जानकारी मिलने के बाद काफी हंगामा हुआ था। जिसके बाद आसाराम बापू उज्जैन के अंकपात रोड स्थित अपने आश्रम में आ गए और आगर रोड स्थित धन्वंतरि अस्पताल में पंचकर्म के जरिए अपना इलाज करवा रहा है।