India News (इंडिया न्यूज)Chhindwara Crime News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक अपनी मासूम बेटी के साथ दो साल से दुष्कर्म कर रहा था। इसी बीच जब पीड़िता अपनी मां के साथ ननिहाल गई तो उसने पूरी घटना अपनी दादी को बताई। उसने कहा कि वह उसका पिता नहीं बल्कि दरिंदा है। यह सुनकर मासूम की दादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामला छिंदवाड़ा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस के मुताबिक हाल ही में 9 साल की मासूम बच्ची अपनी मां के साथ अपनी नानी के घर रहने आई थी। यहां कुछ दिन रहने के बाद जब बच्ची का पिता उसे वापस लेने आया तो बच्ची घर में छिप गई। जब उसकी दादी ने उसे देखा तो प्यार से छिपने का कारण पूछा। इस बच्ची ने डर के मारे जो कहानी बताई उससे उसकी दादी और मां के होश उड़ गए। बच्ची ने बताया कि उसका पिता पिछले दो साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है।
बच्ची की मां और दादी ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मासूम बच्ची की मां ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि आरोपी से उसकी यह दूसरी शादी है। उसने अपने पहले पति से तलाक लेने के बाद आरोपी से शादी की थी। वह अपनी सात साल की बेटी को भी साथ लेकर आई थी। उसने बताया कि दो साल पहले एक दिन जब वह किसी काम से घर से बाहर गई थी तो आरोपी ने उसकी बेटी के साथ पहली बार दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी उसे हर रोज डरा धमकाकर इस तरह की दरिंदगी कर रहा था। वहीं आरोपी के डर से उनकी बेटी चुपचाप अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों को सहन कर रही थी। अब जब वह अपनी नानी के घर गई तो आरोपी को देखकर डर गई। पूछने पर उसने अपनी नानी को दरिंदगी की कहानी बताई। ग्रामीण थाना प्रभारी जीएस राजपूत के अनुसार पीड़ित लड़की के बयान और उसकी दादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।