India News (इंडिया न्यूज), Congress Protest: भोपाल में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य कारण अमेरिकी कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट थी, जिसमें भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) में कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता व्यापम चौराहे पर एकत्र हुए। उनके साथ महासचिव जितेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री अजय सिंह राहुल और गोविंद सिंह भी मौजूद थे।
Congress Protest
प्रदर्शनकारियों का इरादा प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय का घेराव करने का था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। इसके बाद व्यापम चौराहे पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई।
पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर चौराहे पर बैरिकेड लगा दिए और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने की कोशिश पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कांग्रेस नेताओं ने SEBI पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की और ईडी से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सरकार पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
यह प्रदर्शन देशभर में चल रहे कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा है। पार्टी का कहना है कि वह जनता के हितों की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखेगी।
Also Read: