India News (इंडिया न्यूज), Rekha Vinod Jain: मध्य प्रदेश में महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री रेखा विनोद जैन की एक फेसबुक पोस्ट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस पोस्ट में भगवान परशुराम की तुलना मुगल शासक और रंगजेब से की गई थी, जिससे ब्राह्मण समाज और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोध बढ़ता देख रेखा जैन ने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी और माफी भी मांग ली, लेकिन इसके बावजूद नाराजगी कम नहीं हो रही है।
सोशल मीडिया पर भड़का विवाद
रेखा जैन ने रविवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें भगवान परशुराम और हिंदुत्व को लेकर विवादित बातें लिखी गई थीं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि जिस तरह औरंगजेब ने अपने भाई का सिर काटकर अपने पिता को भेंट किया था, उसी तरह भगवान परशुराम ने अपनी माता का सिर काटकर भेंट किया था। इस पोस्ट में परशुराम जी को ‘जातिगत घृणा का प्रतीक’ भी बताया गया, जिससे ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश फैल गया।
ब्राह्मण समाज और पुजारियों का कड़ा विरोध
जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, ब्राह्मण समाज और महाकाल मंदिर के पुजारियों ने इसकी कड़ी आलोचना की। अखिल भारतीय पुजारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम को क्रूर बताना निंदनीय है और इसके लिए पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बयान पर नाराजगी
अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण समाज के महामंत्री रुपेश मेहता ने भी इस बयान पर नाराजगी जताई और कहा कि रेखा जैन को समाज से बहिष्कृत किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि रेखा जैन सार्वजनिक रूप से मंच पर आकर माफी मांगें, क्योंकि उनके बयान से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
रेखा जैन ने मांगी माफी
विवाद बढ़ता देख कांग्रेस पार्टी ने रेखा जैन को फटकार लगाई, जिसके बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि यह पोस्ट गलती से साझा हो गई थी। उन्होंने इसे तुरंत हटा दिया और सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। हालांकि, ब्राह्मण समाज अभी भी उनसे सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है और कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
विवाद पर बढ़ती प्रतिक्रिया
यह मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा होने के कारण लगातार तूल पकड़ रहा है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के बीच इस पर चर्चा जारी है। अब देखना होगा कि इस विवाद का क्या परिणाम निकलता है और कांग्रेस इस पर आगे क्या कदम उठाती है।
वह और कठोर सजा का हकदार…कोर्ट भी हुआ शर्मसार, नाबालिग से रेप-हत्या के दोषी को मिली जब ये भयंकर सजा