India News(इंडिया न्यूज) Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल से तेंदुए के हमले का लाइव वीडियो सामने आया है। इसमें तेंदुआ एक पुलिसकर्मी समेत कई लोगों पर हमला करता नजर आ रहा है।घायल पुलिसकर्मी रेडियो ट्रांसमीटर विभाग में पदस्थ एएसआई नितिन समदरिया हैं। वे 20 अक्टूबर की शाम खितौली के शोभा घाट पर अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए थे। पुलिसकर्मी के अलावा तेंदुए ने कई अन्य लोगों पर भी हमला किया। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
तेंदुए का हमला
बता दें जब तेंदुआ शोभा घाट पर देखा गया तो लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। उसे देखते ही अफरा-तफरी मच गई। लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान मौजूद अन्य लोगों ने तेंदुए के हमले का वीडियो भी बना लिया। गौरतलब है कि नितिन समदरिया के अलावा जिन लोगों पर तेंदुए ने हमला किया उनमें आकाश कुशवाहा (23) निवासी पुरानी बस्ती शहडोल और नंदिनी सिंह (25) निवासी ग्राम खटौली समेत कई अन्य शामिल हैं। इस भीषण घटना के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। तेंदुए ने पहले आकाश की जांघ पर काटा, फिर दूसरे जांघ पर पंजों से हमला किया। हालांकि उसे ज्यादा चोट नहीं आई।
जंगली जानवर के हमले में सबसे ज्यादा घायल नंदिनी हुई। तेंदुए ने उसके सिर पर इतनी जोर से हमला किया कि उसके सिर के एक तरफ की खोपड़ी टूट गई। तेंदुए के हमले में मामूली रूप से घायल हुए आकाश कुशवाहा ने बताया कि हम करीब 60 लोग पिकनिक मनाने खेतौली स्थित शोभा घाट गए थे। खाना खाने के बाद जब हम सब अपनी गाड़ी की ओर लौट रहे थे तो अचानक एक तेंदुआ दिखाई दिया। हमें लगा कि इतनी बड़ी संख्या में हमें देखकर वह भाग जाएगा। उस समय भी कुछ ऐसा ही हुआ। कुछ देर के लिए तेंदुआ हमारी नजरों से ओझल हो गया। इसके बाद अचानक दूसरी तरफ से आया और सबसे पहले मुझ पर हमला किया। किसी तरह मैंने अपनी जान बचाई और वहां से भागा। इसके बाद तेंदुए ने एक-एक कर कई लोगों पर हमला किया।