होम / 1971 युद्ध सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया

1971 युद्ध सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया

Harpreet Singh • LAST UPDATED : September 5, 2021, 10:31 am IST

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वर्णिम विजय वर्ष के अवसर पर विजय मशाल ग्रहण की
इंडिया न्यूज, मंडी:
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी के सेरी मंच में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक विजय के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे स्वर्णिम विजय वर्ष के अवसर पर विजय मशाल को थामा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल 1971 में पाकिस्तान पर भारत की शानदार विजय की याद दिलाता है, बल्कि यह बांग्लादेश के जन्म की कहानी भी बताता है। उन्होंने कहा कि यह विजय भारतीय सैनिकों के सामरिक कौशल और वीरता का जीता-जागता दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 16 दिसंबर, 2020 को विजय मशाल जलाकर स्वर्ण विजय वर्ष समारोह आरंभ किया गया और तब से विजय मशाल देशभर की यात्रा कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल को वीरभूमि का गौरव दिलाने में प्रदेश के वीर सपूतों ने अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से हिमाचल के लगभग 1700 वीरों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जवानों की वीरता इस बात से प्रदर्शित होती है कि राज्य के सपूतों को 4 परमवीर चक्र, 2 अशोक चक्र, 11 महावीर चक्र और 23 कीर्ति चक्र मिले हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के कुल 1111 सैनिकों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया गया है।

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT