होम / हरदीप सिंह बावा फिर बने इंटक के प्रदेश अध्यक्ष

हरदीप सिंह बावा फिर बने इंटक के प्रदेश अध्यक्ष

India News Editor • LAST UPDATED : September 12, 2021, 11:10 am IST

हिमाचल में अगले वर्ष तक इंटक के एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य: हरदीप सिंह बावा
इंडिया न्यूज, शिमला :
हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से हरदीप सिंह बावा को फिर से प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया है। रविवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुए चुनाव में उन्हें आम सहमति से इंटक का अध्यक्ष चुन लिया गया। राष्ट्रीय युवा इंटक अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय इंटक सचिव संजय गावा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए इस चुनाव में इंटक से संबंंधित 116 यूनियनों के 300 से अधिक डेलीगेट्स ने भाग लिया। हरदीप सिंह बावा ने इससे पूर्व बैठक में कहा कि इंटक कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि अगले साल तक प्रदेश में इंटक सदस्यों की संख्या एक लाख तक करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मजदूरों व श्रमिकों की आवाज बुलंद करने वाला देश का सबसे बड़ा मजदूर संगठन इंटक है, जिसके 3 करोड़ 33 लाख से अधिक सक्रिय सदस्य हैं।

कर्मचारी संगठनों के कल्याण के प्रति समर्पित रहा इंटक : राठौर

इंटक के सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि बाबा के नेतृत्व में इंटक मजबूती से खड़ा है जो विभिन्न कर्मचारी संगठनों के कल्याण के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने समय-समय पर इंटक की मांगों को पूरा कर कर्मचारियों और श्रमिकों के कल्याण के प्रति कांग्रेस की बचनबद्धता को पूरा किया। राठौर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि आज प्रदेश में सभी लोग इससे दुखी हैं। कर्मचारी वर्ग हो या कोई अन्य, किसान हो या बागवान, आज किसी की नहीं सुनी जा रही। उन्होंने इंटक पदाधिकारियों व सदस्यों का आह्वान किया कि प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की मजबूती के लिए मैदान में डट जाए।

भाजपा की मजदूर विरोधी नीतियों का विरोध करें : विक्रमादित्य सिंह

कांग्रेस विधायक व पार्टी महासचिव विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा सरकार की मजदूर व श्रमिक विरोधी नीतियों का डट कर विरोध करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह समय संघर्ष का है।उन्होंने कहा कि भाजपा से जुड़े जितने भी संगठन हैं, वह साम्प्रदायिकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने ऐसी ताकतों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि देश व प्रदेश की मजबूती के लिए हमें एकजुट होकर आगे आना है।

Get Current Updates on News India, India News, News India sports, News India Health along with News India Entertainment, India Lok Sabha Election and Headlines from India and around the world.