India News (इंडिया न्यूज)Balmukund Acharya On Bakrid 2025: राजस्थान में बकरीद पर कुर्बानी को लेकर विवाद बढ़ गया है। विश्व हिंदू परिषद के बाद अब भाजपा के फायरब्रांड विधायक बालमुकुंद आचार्य ने भी इस पर रोक लगाने की मांग उठाई है। जयपुर शहर की हवा महल सीट से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने मुसलमानों से बकरीद पर बकरे की जगह केक काटने की अपील की है।
बीजेपी विधयक ने कहा कि अगर परंपराओं का पालन करना है तो बकरे की आकृति का केक बनाकर काटा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस्लाम में पशु बलि किसी भी धार्मिक ग्रंथ में जरुरी नहीं है। त्योहार मनाने के लिए जानवरों की हत्या करना कतई उचित नहीं है।
भाजपा विधायक ने आगे कहा कि हमारा देश अहिंसा परमो धर्म के सिद्धांत पर विश्वास करता है। इसलिए त्योहार पर्यावरण के अनुकूल होने चाहिए। बालमुकुंद आचार्य के अनुसार त्योहार के नाम पर जानवरों की हत्या करना बिल्कुल भी सही नहीं है। इस गलत परंपरा को बंद किया जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि इसे धर्म से बिल्कुल नहीं जोड़ना चाहिए। कोई भी धर्म किसी जीव की हत्या की अनुमति नहीं देता। अगर बलि देनी ही है तो नारियल और कद्दू की होनी चाहिए।
आपको बता दें कि इससे पहले विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेंद्र जैन ने मुस्लिम समुदाय से बकरीद पर की जाने वाली कुर्बानी को लेकर संवेदनशीलता दिखाने और इको-फ्रेंडली ईद मनाने की अपील की है।
डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा कि दिवाली और होली जैसे हिंदू त्योहारों पर तथाकथित पर्यावरण प्रेमी हिंदुओं से होली और दिवाली को प्रतीकात्मक या इको-फ्रेंडली मनाने की अपील करते हैं। कुछ स्थानों पर न्यायपालिका का एक वर्ग स्वतः संज्ञान लेकर निर्देशात्मक आदेश जारी करता हुआ भी दिखाई दिया है, लेकिन ये सभी तथाकथित पर्यावरणविद बकरीद पर दी जाने वाली कुर्बानी के मुद्दे पर चुप क्यों रहते हैं?