India News (इंडिया न्यूज), DC vs MI: रविवार को IPL 2025 में दिल्ली कैपिटल्स को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा।मुंबई इंडियंस द्वारा रखे गए 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली 193 रनों पर 19 ओवरों में निपट गई। पहला मैच हारते ही दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल पर बीसीसीआई ने 12 लाख का जुर्माना ठोक दिया।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल 2025 का यह पहला मैच था। दिल्ली कैपिटल्स ने इससे पहले खेले गए सभी 4 मैचों में जीत दर्ज की थी, लेकिन रविवार को अपने घरेलू मैदान पर उसे हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए। तिलक वर्मा (59), रेयान रिकेल्टन (41) ने शानदार बल्लेबाजी की।
Axar Patek Fined By BCCI
दिल्ली कैपिटल्स के लिए करुण नायर ने 89 रनों की शानदार पारी खेली, वे 12वें ओवर में आउट हुए और इस समय टीम का स्कोर 135 रन था। दिल्ली को जीत के लिए 50 गेंदों में 71 रनों की जरूरत थी लेकिन यहां से दिल्ली का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका और मुंबई इंडियंस ने 12 रनों से जीत दर्ज की। प्रभावशाली खिलाड़ी के तौर पर उतरे करण शर्मा ने 4 ओवर के स्पेल में 36 रन देकर 3 विकेट लिए, उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
दिल्ली कैपिटल्स समय सीमा के भीतर अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई, इसलिए कप्तान पर धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख का जुर्माना लगाया गया। चूंकि आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत इस सीजन में उनकी टीम का यह पहला अपराध था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, इसलिए उन पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया।
दिल्ली कैपिटल्स के 3 बल्लेबाज लगातार 3 गेंदों पर रन आउट हुए, यह खास हैट्रिक जसप्रीत बुमराह द्वारा फेंके गए 19वें ओवर में आई। ओवर की चौथी गेंद पर आशुतोष शर्मा (17), पांचवीं गेंद पर कुलदीप शर्मा (1) और आखिरी गेंद पर मोहित शर्मा (0) रन आउट हुए। इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, उसने 5 में से 4 मैच जीते हैं। जीत हासिल कर मुंबई इंडियंस अंक तालिका में 7वें स्थान पर पहुंच गई है।