इंडिया न्यूज (India News): (Indonesia Open 2023) इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रही इंडोनेशिया ओपन 2023 की पुरुष युगल प्रतियोगिता में रविवार ( 18 जून) को भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने फ़ाइनल मुक़ाबले में आरोन चिया और सोह वुई यिक की विश्व चैंपियन मलेशियाई जोड़ी को हरा कर खिताब अपना नाम कर लिया। बता दे 43 मिनट चले खेल में भारतीय जोड़ी ने मलेशियाई जोड़ी को 21-17, 21-18 से हराकर पहली बार BWF वर्ल्ड टूर सुपर 1000 सीरीज़ अपने नाम किया।
पहले गेम का खेल
पहले गेम में 3-7 से पिछड़ने के बाद सात्विक-चिराग की जोड़ी ने शानदार वापसी की और लगातार 6 अंक अर्जित करते हुए स्कोरलाइन को 9-7 कर दिया। ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ी 11-9 से आगे चल रहे थे। ब्रेक से पहले अपनी लय में लौटी भारतीय जोड़ी ने इसके बाद भी अपना दबदबा बनाए रखा और बिना कोई ग़लती किए शानदार प्रदर्शन की बदौलत 21-17 से पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम का खेल
दूसर गेम की शुरुआत में भारतीय जोड़ी से कुछ ग़लतियां हुईं लेकिन जल्दी ही उन्होंने फिर से वापसी करते हुए ब्रेक तक 11-9 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भी जीत के इरादे से बैडमिंटन वर्ल्ड रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज़ भारतीय जोड़ी ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा और मलेशियाई जोड़ी को वापसी का कोई मौक़ा नहीं दिया। उन्होंने 21-18 से गेम को अपने नाम कर इंडोनेशिया ओपन 2023 का ख़िताब अपने नाम कर लिया।
भारतीय जोड़ी ने पहली बार BWF वर्ल्ड टूर के फ़ाइनल में बनाई थी जगह
बता दे कि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने अपने करियर में पहली बार BWF वर्ल्ड टूर के फ़ाइनल में जगह बनाई थी जहां जीतकर उन्होंने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। चिराग शेट्टी-सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और आरोन चिया-सोह वू यिक की जोड़ी का सामना टोक्यो में आयोजित 2022 विश्व चैंपियनशिप के सेमी-फ़ाइनल में भी हुआ था, जहां भारतीय जोड़ी को शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
इंडोनेशिया ओपन में जीत के साथ ही चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने BWF वर्ल्ड टूर में अपना छठा ख़िताब हासिल कर लिया है। उनका आख़िरी BWF ख़िताब मार्च में स्विस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट में आया था।
यह भी पढ़ें-
Indonesia Open 2023: फ़ाइनल में पहुंची चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी