मनीष गोस्वामी दिल्ली 30 सितंबर 2022: देश में नेशनल गेम्स 2022 की शुरूआत हो चुकी है। शुक्रवार को मीराबाई चानू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल गेम्स 2022 में 49 किग्रा महिला वर्ग वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत लिया है। मीराबाई ने स्नैच में 84 किग्रा और क्लिन-जर्क में 107 किग्रा का भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने कलाई में चोट होने के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे स्थान पर संजीता चानू रही। उन्होंने कुल 187 किग्रा का भार उठाया और रजत पदक जीता। ओडिशा की स्नेहा सोरेन ने कुल 169 किग्रा का भार उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद मीराबाई ने आयोजको और लोगों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने 36वें नेशनल गेम्स 2022 में स्वर्ण पदक जीतने पर खुशी जाहिर की है। नेशनल गेम्स 2022 में मीराबाई मणिपुर की अगुवाई कर रही हैं। वह इस बात पर भी गर्व महसूस कर रही है।
मीराबाई ने जीते देश के लिए कई पदक
मीराबाई ने अपने शानदार खेल से भारत के लिए कई पदक जीते हैं। उन्होंने टोक्यों ओलंपिक 2020 में 49 किग्रा वर्ग में भारत के लिए रजत पदक जीता था। टोक्यों ओलंपिक 2020 में पदक जीतना उनके अबतक के जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि थी। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेल 2022 और 2018 में भारत के स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2017 में भी भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत है। उन्होंने राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप 2019, 2017 और 2013 में भी स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवानवित किया है।