फीफा विश्व कप 2022 से रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल बाहर हो चुकी है। इसी के साथ रोनाल्डो के विश्व चैंपियन बनने का सपना एक बार फिर टूट गया है। पुर्तगाल के लिए पांच विश्व कप जीतने वाले रोनाल्डो अब तक देश को फीफा विश्व कप की ट्रॉफी नहीं जिता पाए और अब उनका सपना अधूरा रहना लगभग तय है। 37 साल के रोनाल्डो के लिए अब अगला विश्व कप खेलना बहुत मुश्किल होगा। ऐसे में वह विश्व चैंपियन बनने का सपना कभी पूरा नहीं कर पाएंगे। पुर्तगाल के विश्व कप से बाहर होने के बाद रोनाल्डो ने कहा है कि वह हमेशा देश के लिए लड़ते रहे हैं और उनका रवैया आगे भी ऐसा ही रहेगा।
फीफा विश्व कप 2022 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मोरक्को के खिलाफ पुर्तगाल को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही यह टीम विश्व कप से बाहर हो गई। इस मैच में रोनाल्डो को पुर्तगाल की शुरुआती टीम में शामिल नहीं किया गया था। वह लगातार दूसरे मैच में बेंच पर बैठे रहे। बाद में उन्हें मैदान पर भेजा गया, लेकिन वह भी कोई गोल नहीं कर सके। इस मैच में एकमात्र गोल 42वें मिनट में मोरक्को के युसुफ एन-नेसरी ने किया, जो निर्णायक साबित हुआ और मोरक्को ने यह मैच 1-0 से अपने नाम किया।
पुर्तगाल के विश्व कप से बाहर होने के बाद रोनाल्डो रोते हुए बाहर गए। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। रोनाल्डो ने लिखा- पुर्तगाल के लिए विश्व कप जीतना मेरे करियर का सबसे बड़ा और सबसे महत्वाकांक्षी सपना था। सौभाग्य से मैंने पुर्तगाल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खिताब जीते, लेकिन अपने देश का नाम दुनिया में सबसे ऊंचे पायदान पर लाना मेरा सबसे बड़ा सपना था। मैं इसके लिए लड़ा। इस सपने के लिए कड़ा संघर्ष किया। 16 वर्षों में विश्व कप के पांच संस्करणों में मैंने हमेशा महान खिलाड़ियों के साथ और उनके समर्थन और लाखों पुर्तगालियों द्वारा समर्थन में खेला। मैंने टीम के लिए अपना सब कुछ मैदान पर न्योछावर कर दिया। मैंने हमेशा लड़ाई की और उससे मुंह नहीं मोड़ा। अपने सपने को कभी नहीं छोड़ा। अफसोस कल सपना टूट गया।