भारतीय बैडमिंटन स्टार्स सत्विकसैराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रदान किया।
2023 में बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) रैंकिंग में नंबर 1 बनने और एशियाई खेलों (हांगझोउ) में स्वर्ण पदक जीतने के बाद, सत्विक-चिराग को खेल रत्न के लिए चुना गया था। हालांकि, टूर्नामेंट शेड्यूल के चलते वे पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे।
Olympians Satwik-Chirag
खेल मंत्री डॉ. मंडाविया ने कहा, “मेजर ध्यानचंद खेल रत्न देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है। सत्विक और चिराग, आपने अपनी मेहनत और हुनर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। जब आप तिरंगे के साथ पोडियम पर खड़े होते हैं, तो वह केवल आपका नहीं, पूरे देश का सम्मान होता है। इस गौरव के लिए ही आपको खेल रत्न से नवाजा गया है।”
चिराग शेट्टी ने खुशी जताते हुए कहा, “यह सम्मान बहुत समय से लंबित था। 2023 में इसकी घोषणा हुई थी, और आज हमें यह मिल गया, बहुत खुशी है। सरकार का समर्थन हमारे करियर में बेहद अहम रहा है। वर्ल्ड नंबर 1 बनना, एशियाई खेलों में गोल्ड जीतना, थॉमस कप टाइटल – इन सभी जीतों में सरकार की बड़ी भूमिका रही।”
सत्विक ने कहा, “पिछले साल राष्ट्रपति भवन जाकर पुरस्कार नहीं ले सके थे, लेकिन अब मिलना हमारे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है। अगले कुछ महीनों में हम कोर्ट से बाहर रहेंगे, तो यह सम्मान हमें मजबूत बनाता है। जब हमने शुरुआत की थी, तब आर्थिक चुनौतियाँ थीं, लेकिन सरकार की योजनाओं – जैसे खेलो इंडिया, TOPS – ने हमें आगे बढ़ने में मदद की।”
भारतीय जोड़ी ने इस साल मलेशिया ओपन और इंडिया ओपन में पोडियम फिनिश हासिल किया था। हालांकि, चोटों के कारण उनका सीजन थोड़ा धीमा हो गया। उनकी अगली चुनौतियाँ सिंगापुर ओपन (27 मई – 1 जून) और इंडोनेशिया ओपन (3-8 जून) होंगी।