इंडिया न्यूज (India News): (Taipei Open Badminton 2023) राष्ट्रमंडल खेल 2014 के चैंपियन पारुपल्ली कश्यप को ताइपे ओपन 2023 में चीनी ताइपे के सु ली यांग से सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा। बैडमिंटन विश्व रैंकिंग में 111वें स्थान पर काबिज़ भारतीय खिलाड़ी को राउंड ऑफ़ 16 में 21-16, 21-17 से हार मिली। हार के साथ ही पारुपल्ली कश्यप टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
चीनी ताइपे के शटलर ने की आक्रामक खेल का मुज़ाहिरा
पहले गेम की शुरुआत में दोनों शटलरों का स्कोर बराबर था, लेकिन चीनी ताइपे के शटलर ने कोर्ट पर आक्रामक खेल का मुज़ाहिरा करते हुए 14-8 की बढ़त बना ली, जिसके बाद भारतीय खिलाड़ी को पहले गेम में वापसी करने का कोई मौक़ा नहीं मिला।
दूसरे गेम में वापसी नहीं कर सके भारतीय खिलाड़ी
42 मिनट तक चले इस मैच में भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम में वापसी करने की कोशिश की लेकिन शानदार लय में खेल रहे चीनी ताइपे के शटलर ने पारुपल्ली कश्यप को दूसरे गेम में 21-17 से हारकर प्रतियोगिता के अगले राउंड में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
चीनी ताइपे की ताई त्ज़ु यिंग से हारी तान्या हेमंथ
इस बीच, महिला एकल स्पर्धा में भारत की तान्या हेमंथ को प्री-क्वार्टर फ़ाइनल में विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी और टोक्यो 2020 ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीनी ताइपे की ताई त्ज़ु यिंग से 21-11, 21-6 से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय जोड़ी रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी को मिली हार
रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी को भी राउंड ऑफ़ 16 में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को चीनी ताइपे के चिऊ शियांग चिएह और लिन ज़ियाओ मिन से 21-13, 21-18 से शिकस्त मिली।
यह भी पढ़ें-Taipei Open Badminton 2023: चीनी ताइपे के सु ली यांग से हारे राष्ट्रमंडल खेल 2014 के चैंपियन पारुपल्ली कश्यप