India News (इंडिया न्यूज़),Kamindu Mendis: श्रीलंका के ऑलराउंडर कामिंडू मेंडिस ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी अर्धशतक लगाया। गॉल में उनकी पारी ने एक ऐसा विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है जो वाकई हैरान करने वाला है। टेस्ट क्रिकेट के 147 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार देखने को मिला है। दरअसल, कामिंडू मेंडिस लगातार 8 टेस्ट मैचों में पचास से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। कामिंडू मेंडिस ने पाकिस्तानी बल्लेबाज सऊद शकील का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने लगातार 7 टेस्ट मैचों में 50 से ज्यादा रन बनाए थे। कामिंडू मेंडिस का विश्व रिकॉर्ड कामिंडू मेंडिस ने 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गॉल में डेब्यू किया था जिसमें उन्होंने 61 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें टेस्ट टीम में मौका नहीं मिला लेकिन इस साल उन्होंने सिलहट टेस्ट में खेला और बांग्लादेश के खिलाफ दोनों पारियों में शतक जड़ा। उन्होंने चटगांव टेस्ट में भी 92 रन बनाए। इस खिलाड़ी ने मैनचेस्टर टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ 113 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने लॉर्ड्स में 74 रनों की पारी खेली। ओवल टेस्ट में वे 64 रन बनाने में सफल रहे। न्यूजीलैंड के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में उन्होंने 114 रन बनाए थे और अब एक बार फिर उन्होंने नाबाद 51 रन बनाए हैं।
ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी
कमेंदु मेंडिस टेस्ट डेब्यू से लगातार 8 मैचों में अर्धशतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। इससे पहले सऊद शकील ने 7 बार यह कारनामा किया था। बर्ट सैक्लिफ, सईद अहमद, बेसिल बुचर और सुनील गावस्कर ने लगातार 6 टेस्ट में पचास से ज्यादा रन बनाए थे।
श्रीलंका ने किया शानदार प्रदर्शन
गॉल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन श्रीलंका ने कीवी टीम पर लगाम लगाए रखी। दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 306 रन बना लिए थे। दिनेश चांदीमल ने 116 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। जबकि दिमुथ करुणारत्ने 46 रन बनाकर रन आउट हो गए। एंजेलो मैथ्यूज 78 और कामिंडू मेंडिस 51 रन बनाकर नाबाद हैं।