India News ( इंडिया न्यूज़ ) Student Burnt Alive: आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में दसवीं के एक छात्र की जलाकर हत्या कर दी गई। उप्पल अमरनाथ नाम के 15 वर्षीय छात्र पर कथित तौर पर सुबह के वक्त पेट्रोल डालकर हमला किया गया। उस वक्त छात्र ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रहा था। चार हमलावरों ने उसे आग के हवाले कर दिया। गंभीर हालत में छात्र को तुरंत गुंटूर के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पेट्रोल डालकर लगाई आग
छात्र साइकिल चलाकर ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रहा था। रास्ते में चार हमलावरों ने कथित तौर पर उसे रोका। इसके बाद उस पर पेट्रोल उड़ेल दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। लड़के के चीखने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए घटनास्थल की तरफ दौड़े और उसे गुंटूर के सरकारी अस्पताल में ले गए। हालांकि, लोगों के प्रयासों के बाद भी छात्र की जान नहीं बचाई जा सकी।
बहन की छेड़खानी से परेशान था छात्र
मृतक छात्र के दादा रेड्डैया का कहना है कि अमरनाथ नाम का एक लड़का मृतक के बहन को परेशान कर रहा था। बहन को परेशान करने के कारण उसका भाई परेशान था। अमरनाथ जिस कॉलेज में पढ़ता था उसी कॉलेज में मृतक की बहन पढ़ती थी। मृतक ने इसका विरोध भी किया था। कई बार अमरनाथ को मृतक के आसपास घूमते हुए भी देखा गया था। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लग चुकी हैं।