India News (इंडिया न्यूज़), India Sri lanka Ferry Service: भारत और श्रीलंका के बीच पीएम मोदी ने आज नौका सेवा की शुरुआत की है। ये सेवा गापट्टिनम और कांकेसंतुराई के बीच शुरू की गई है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हम भारत और श्रीलंका के बीच राजनयिक और आर्थिक संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और श्रीलंका संस्कृति, वाणिज्य और सभ्यता का गहरा इतिहास साझा करते हैं और अब दोनों में आर्थिक साझेदारी भी बढ़ेगी।
फेरी सेवा को हरी झंडी
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग तथा आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने तमिलनाडु के नागापट्टिनम और श्रीलंका के कांकेसंतुराई के बीच फेरी सेवा को हरी झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
नए अध्याय की शुरुआत- पीएम
फेरी सेवा की शुरुआत को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि भारत और श्रीलंका संस्कृति, वाणिज्य और सभ्यता का गहरा इतिहास साझा करते हैं। पीएम ने फेरी सेवा की शुरुआत को भारत और श्रीलंका के बीच राजनयिक और आर्थिक संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत बताया। पीएम ने कहा कि नागपट्टिनम और कांकेसंतुराई के बीच नौका सेवा का शुभारंभ हमारे संबंधों को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
कितने में मिलेगी टिकट
समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका जाने के लिए टिकट की कीमत 7670 रुपए प्रति व्यक्ति तय किया गया था। नागापट्टिनम शिपिंग हार्बर विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि 14 अक्टूबर को उद्घाटन प्रस्ताव के रूप में पहले दिन का शुल्क 2800 रुपए तय किया गया है जो कि मौजूदा कीमत से 75 फीसदी कम है। इस ऑफर पर अब तक 30 यात्री टिकट की बुकिंग कर चुके हैं। इस नौका के जरिए महज तीन घंटे में तमिलनाडु से श्रीलंका पहुंचा जा सकता है।