इंडिया न्यूज़ (शिमला, Priyanka ganghi vadra Target bjp in last day of himachal pradesh election campaign): गुरुवार को चुनावी राज्य हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राज्य सरकार का विकास के लिए काम करने का कोई इरादा नहीं है।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका वाड्रा में कहा कि राज्य 70,000 करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा हुआ है। उन्होंने आगे दावा किया कि राज्य में सरकारी नौकरियों के लिए 63,000 से अधिक पद खाली हैं, जबकि राज्य के 50 प्रतिशत से अधिक युवा बेरोजगार हैं।

प्रियंका ने कहा, “हिमाचल प्रदेश में 30 लाख युवा हैं और उनमें से 15 लाख बेरोजगार हैं। यह ऐसे समय में है जब राज्य में सरकारी पद खाली हैं। इस सरकार (भाजपा) ने नौकरियां छीन ली हैं और महंगाई बढ़ा दी है।”

एक लाख नौकरी देने का वादा

प्रियंका ने दावा किया कि राज्य में सत्ता में आने पर कांग्रेस अपनी पहली कैबिनेट बैठक में 1 लाख सरकारी नौकरियों का प्रावधान करेगी।

लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए प्रियंका ने कहा कि “हिमाचल में काफी शिक्षित और युवा आबादी है, इसके बावजूद, 63,000 से अधिक सरकारी पद खाली हैं और भाजपा ने अपने पांच वर्षों के शासन में इन पदों को भरने के लिए कुछ भी नहीं किया है। हजारों बेरोजगार युवा हैं लेकिन भाजपा ने उन्हें नौकरी देने के लिए कुछ नहीं किया। क्यों? क्योंकि उनके इरादे सही नहीं थे।”

उन्होंने कहा कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ ने सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू की है, जबकि हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ऐसा करने में विफल रही है।

हिमाचल में मतदान एक चरण में 12 नवंबर को होना है और आज चुनाव प्रचार का आखिर दिन था।