Today Weather Update: राजधानी दिल्ली में फरवरी माह से ही गर्मी देखी जा रही है। इस माह इसने गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। वहीं अब मार्च में पारा और बढ़ गया है। 12 मार्च 2023 (रविवार) इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया था। इस दिन तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। लेकिन बुधवार यानि 15 मार्च को दिल्ली के अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचकर इस रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
दिल्ली में गरज के साथ बरसेंगे बादल
वहीं अगर हम बात करें दिल्ली में न्यूनतम तापमान की तो ये 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले कुछ दिनों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है।
18 मार्च तक हो सकती है बारिश
विभाग के मुताबिक इस हफ्ते के आखिरी में दिल्ली का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जाएगा। वहीं यहां के कुछ स्थानों पर बारिश की भी संभावना है। हालांकि बारिश की संभावना के बाद भी यहां के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होती दिख रही है।
हिमाचल में शाम के समय बर्फबारी
वहीं हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ने मौसम बदल दिया है। बीते दिन कांगड़ा जिले के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। वहीं शिमला और मंडी में भी बारिश देखी गई। खबर है कि चंबा-जोत मार्ग पर शाम के समय बर्फबारी भी हुई। जिससे चंबा से चुवाड़ी जा रही एचआरटीसी की बसें रास्ते में ही फंस गई।
ये भी पढ़ें: उद्धव ठाकरे को एक और बड़ा झटका, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दीपक सांवत CM एकनाथ शिंदे का थामेंगे हाथ