India News (इंडिया न्यूज), Marriage fraud: शादी का माहौल था, मंडप सजाया गया था, बारात का स्वागत हो रहा था, लेकिन तभी कुछ ऐसा हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया। यूपी के रायबरेली जिले में दूल्हा बदलने का मामला सामने आया है। झज्जर जिले के झुझनू गांव से आई बारात का स्वागत हो रहा था, तभी किसी ने दूल्हा बदले जाने का शक जताया। बारात से पूछताछ की गई तो शक सच निकला। इसके बाद शादी में हंगामा मच गया।
यह पूरा मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र के राघनपुर गांव का है। यहां के रहने वाले सुनील कुमार ने अपनी बहन की शादी पानीपत में तय की थी। कल जब बारात आई तो शादी तय कराने वाले बिचौलिए तो वहां मौजूद थे, लेकिन दूल्हा वह नहीं था, जिसे दिखाया गया था।
शादी से पहले कर दिया खेला
जब परिजनों ने शक जताया तो पूरे मामले में काफी उलझन हो गई। जिस लड़के को लड़की के परिजनों ने देखा था, वह पानीपत का रहने वाला बीस-पच्चीस साल का था। बारात लेकर आया दूल्हा करीब चालीस साल का है और वह झज्जर का रहने वाला है।
कैसे हुआ यह? लड़की के परिजनों ने जब पुलिस को सूचना दी तो पूरे मामले में एक और उलझन सामने आई। बारात लेकर आए बिचौलियों ने बताया कि जिस लड़के को दूल्हा दिखाया गया था उसका पैर टूट गया है, इसलिए दूसरे लड़के को दूल्हा बनाकर लाया गया है। फिलहाल पुलिस ने दूल्हे समेत बिचौलियों को अपनी निगरानी में ले लिया है और सुलह-समझौते के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
दूल्हे की जगह अधेड़ शख्स
लोकल 18 से बात करते हुए दुल्हन के भाई सुनील कुमार ने बताया कि शादी के समय जो लड़का दिखाया गया था वह दूल्हा बनकर नहीं आया, बल्कि उसकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति को दूल्हा बनाकर लाया गया है। इसी वजह से शादी से इनकार कर दिया गया है। इस शादी में जो व्यक्ति मध्यस्थ था वह भी सही जानकारी नहीं दे रहा है। हमने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी है। पुलिस आई और दूल्हे पक्ष के तीन लोगों को अपने साथ ले गई।
महिला को नहीं मिला प्रमोशन तो कॉलीग को दे दिया जहर, CCTV में कैद हुई घिनौनी हरकत, VIDEO वायरल
जांच जारी
उधर, इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक मिल एरिया राजीव सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच की जा रही है। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।