India News (इंडिया न्यूज)Ajay Rai FIR: पहलगाम हमले के मामले में पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई न करने को लेकर मोदी सरकार पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर कार्रवाई की गई है। खिलौने पर नींबू-मिर्च लटकाकर राफेल को लेकर बयानबाजी करने वाले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ वाराणसी जिले के चेतगंज थाने में केस दर्ज किया गया है। अजय राय पर राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने और गलत बयानबाजी कर अफवाह फैलाने की धाराएं लगाई गई हैं। कैंट निवासी और राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता की शिकायत पर यह केस दर्ज किया गया है।
प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया है कि 5 मई को वह जगतगंज, लहुराबीर स्थित अपने संगठन के कार्यालय में अपने प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठे थे। तभी पता चला कि अजय राय ने एक खिलौना विमान पर नींबू-मिर्च लगाकर उसे मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक रूप से पेश किया है। खिलौना विमान की तुलना भारत के गौरव राफेल लड़ाकू विमान से करते हुए राफेल लड़ाकू विमान को बेकार बताते हुए उसने सार्वजनिक रूप से भारतीय सेना का मजाक उड़ाया और देश की सुरक्षा व्यवस्था का मजाक उड़ाया।
अजय राय के इस कृत्य को पाकिस्तानी मीडिया ने प्रमुखता से प्रचारित किया। अजय राय के उक्त कृत्य से दुश्मन देश पाकिस्तान में मजाक उड़ाया गया। अजय राय की ऐसी हरकतें न केवल भारतीय सेना का मनोबल गिराने का नापाक प्रयास था बल्कि दुश्मन देश पाकिस्तान का मनोबल बढ़ाने और देश विरोधी माहौल को बढ़ावा देने का भी नापाक प्रयास था।