India News (इंडिया न्यूज), Aurangzeb Controversy: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक संगीत सोम ने एक बार फिर अपने विवादित बयानों से राजनीतिक हलचल मचा दी है। मंगलवार को मेरठ में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुगल शासक औरंगजेब पर निशाना साधा और कांग्रेस, राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। औरंगजेब को ‘लाखों हिंदुओं का हत्यारा’ बताते हुए संगीत सोम ने आरोप लगाया कि उसने मंदिरों को तोड़कर हिंदू संस्कृति को नष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने कांग्रेस पर जालिम बादशाह औरंगजेब के नाम पर देश में सड़कें बनाने का आरोप लगाया और राहुल गांधी और अखिलेश यादव को ‘देशद्रोही’ करार देते हुए राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया।
UPI ट्रांजैक्शन के नियमों में बड़ा बदलाव, सरकार के फैसले से किसके ऊपर पड़ेगा असर, यहाँ जानिए
औरंगजेब को लेकर विपक्ष पर लगाया बड़ा आरोप
संगीत सोम ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी ने औरंगजेब का महिमामंडन करने के लिए उसके नाम पर सड़कें बनवाईं, जबकि सच्चाई यह है कि औरंगजेब ने हिंदुओं पर अत्याचार किए और मंदिरों को तोड़ा। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि औरंगजेब का समर्थन करने वाले भी इसी मानसिकता का प्रतिनिधित्व करते हैं।
काशी-मथुरा विवाद पर तीखा बयान
काशी और मथुरा में मस्जिदें तोड़कर मंदिर बनाने की बात करते हुए संगीत सोम ने कहा, ‘जब क्रूर औरंगजेब ने मंदिर तोड़ने के लिए अदालत का सहारा नहीं लिया तो हम क्यों लें? जैसे बाबरी विध्वंश कर राम मंदिर बनाया गया, वैसे ही काशी और मथुरा में भी मंदिर बनाए जाएंगे।”
विपक्ष की ओर से तीखा पलटवार
वहीँ, संगीत सोम के विवादित बयान पर सपा और कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सपा के एक नेता ने कहा कि यह बयान समाज में नफरत फैलाने की कोशिश है। कांग्रेस ने इसे “संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ” बताया और संगीत सोम पर भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया। वहीं, संगीत सोम के बयान को लेकर भाजपा समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।
राजनीतिक ध्रुवीकरण की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि संगीत सोम का यह बयान उत्तर प्रदेश की राजनीति में ध्रुवीकरण को और बढ़ावा दे सकता है। काशी और मथुरा मंदिर-मस्जिद विवाद को लेकर पहले से गरमाए माहौल में यह बयान आग में घी डालने का काम कर सकता है। अब देखना यह है कि इस बयान के बाद राजनीतिक हलचल कितनी तेज होती है।