India News (इंडिया न्यूज)Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली के मीरगंज में एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि डेढ़ साल तक बच्चा न होने पर उसका पति उसे एक तांत्रिक के पास ले गया और उसे नशीली दवाएं दीं और फिर दो लोगों को सौंप दिया, जिन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने के बाद जब महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मार-पिटाई कर घर से निकाल दिया गया।
दरअसल, पीड़िता मूल रूप से पीलीभीत के एक गांव की रहने वाली है। जून 2023 में उसकी शादी बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक से हुई थी। शादी के बाद शुरुआत में तो सब ठीक चला, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया और उसके बच्चे नहीं हुए तो पति और उसके परिवार वालों का व्यवहार बदलने लगा। महिला का आरोप है कि डेढ़ साल तक बच्चा न होने पर पति उसके साथ गाली-गलौज करने लगा और आए दिन मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने कई बार उसकी मर्जी के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने आरोप लगाया कि 12 अप्रैल 2025 को उसका पति उसे मीरगंज क्षेत्र के असद नगर गांव में रहने वाले तांत्रिक गिरधारी के पास ले गया। पति ने कहा कि तांत्रिक कुछ तंत्र-मंत्र करेगा, जिससे संतान प्राप्ति हो सकती है। लेकिन जब वह वहां पहुंची तो तांत्रिक ने कहा कि संतान प्राप्ति के लिए उसे किसी दूसरे पुरुष से संबंध बनाने होंगे। उस समय वहां उसके पति के कुछ परिचित पहले से ही मौजूद थे। तांत्रिक ने उसे एक दवा दी, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। होश में आने पर उसे पता चला कि दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है।
इसके बाद जब महिला घर लौटी और तांत्रिक के यहां हुई घटना के बारे में अपनी सास और ननद को बताया तो उन्होंने महिला की बात पर विश्वास नहीं किया। महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी सास और ननद ने उल्टा उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर घर से निकाल दिया। फिर महिला अपने मायके गई और वहां अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद वह मीरगंज थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने तांत्रिक गिरधारी समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।